स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित माहे श्रेणी के दूसरे पनडुब्बी रोधी युद्ध उथले जल पोत (ए.एस.डब्ल्यू.-एस.डब्ल्यू.सी.) भा.नौ.पो. मालवन को 22 जुलाई 2026 को कारवार में सेवा में शामिल किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पश्चिमी नौसेना कमान वाइस एडमिरल संजय वात्सायन की उपस्थिति में की। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारी, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सी.एस.एल.), कोच्चि के प्रतिनिधि, भूतपूर्व सैनिक तथा विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।इस पोत का नाम महाराष्ट्र के ऐतिहासिक तटीय कस्बे मालवण से लिया गया है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवशाली समुद्री विरासत से गहराई से जुड़ा क्षेत्र है, और इसीलिए इसका गहरा ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। यह पोत अपने पूर्ववर्ती पोत की विरासत को भी समेटे हुए है, जो एक तटवर्ती भारतीय नौसैनिक माइनस्वीपर था और 2003 तक सेवा में रहा।
भा.नौ.पो. मालवन सी.एस.एल., कोच्चि द्वारा स्वदेशी रूप से निर्मित किए जा रहे आठ ए.एस.डब्ल्यू.-एस.डब्ल्यू.सी. में से दूसरा तथा भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने वाले 16 ए.एस.डब्ल्यू.-एस.डब्ल्यू.सी. में से छठा पोत है। 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री वाला यह पोत भारत सरकार के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण तथा नौसैनिक डिजाइन, उपकरण, प्रणाली एकीकरण और रक्षा पोत निर्माण में बढ़ती आत्मनिर्भरता के भारत के विस्तृत होते तंत्र को सुदृढ़ करता है।यह पोत पानी के भीतर निगरानी, पनडुब्बी रोधी युद्ध (ए.एस.डब्ल्यू.) अभियानों तथा निम्न तीव्रता समुद्री अभियानों (एल.आई.एम.ओ.) के साथ-साथ माइन वारफेयर क्षमता से भी सुसज्जित है। यह पोत तटीय रक्षा और तटवर्ती सुरक्षा को और मजबूत करेगा तथा समुद्री क्षेत्र जागरूकता को बढ़ाएगा।
भा.नौ.पो. मालवन के क्रेस्ट पर ‘बाघ नख’ (बाघ का पंजा) अंकित है, जो वीरता, युद्ध कौशल, फुर्ती और दुस्साहस का प्रतीक है और तेजी से आक्रमण करने तथा मौन रहकर प्रहार करने के पोत के ध्येय से मेल खाता है। ‘बाघ नख’ के चारों ओर बनी लहरें तटों को घेरे विशाल समुद्र तथा सदैव सतर्क, सदैव तत्पर रहने और राष्ट्र के समुद्रों एवं संप्रभुता की रक्षा में अडिग रहने के भारतीय नौसेना के अटूट संकल्प को दर्शाती हैं। पोत का आदर्श वाक्य ‘साइलेंट क्लॉज’ घातकता, स्टेल्थ तथा शत्रु पर तीव्र प्रहार करने की क्षमता को व्यक्त करता है।इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए वायु सेना प्रमुख ने वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निर्बाध समुद्री व्यापार सुनिश्चित करने के लिए समुद्री संचार मार्गों की सुरक्षा के अत्यधिक महत्व पर बल दिया। उन्होंने भारतीय नौसेना की प्रभावशाली प्रगति और आत्मनिर्भर पहल के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए युद्धपोत की 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री को विशेष रूप से रेखांकित किया। पोत निर्माण प्रक्रिया में अधिकारियों को सीधे जोड़ने के भारतीय नौसेना के मॉडल से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी ही पद्धतियाँ व्यापक रक्षा तंत्र में आत्मनिर्भरता को गति दे सकती हैं। उन्होंने त्रि-सेवा एकीकरण के दृष्टिकोण को भी दोहराया और भविष्य के संघर्षों में राष्ट्र की एक एकीकृत शक्ति के रूप में सफलता सुनिश्चित करने हेतु भारतीय थल सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के बीच सहज संयुक्तता का आह्वान किया।
भा.नौ.पो. मालवन के सेवा में शामिल होने से भारतीय नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमताओं को उल्लेखनीय बल मिला है। बड़े सतही युद्धपोतों, पनडुब्बियों और विमानन संपत्तियों के साथ सहजता से काम करने की क्षमता के साथ भा.नौ.पो. मालवन का शामिल होना भारतीय नौसेना को हर समय और हर स्थान पर राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भारत के समुद्री हितों की रक्षा के लिए युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्य के लिए तैयार बनाए रखने में सक्षम बनाता है।