भारतीय नौसेना 20 से 23 जुलाई 2026 तक दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि में ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 की मेजबानी करेगी। यह चार दिवसीय बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण गतिविधि भारतीय नौसेना के नेतृत्व वाले कंबाइंड टास्क फोर्स 154 (सी.टी.एफ. 154) के तत्वावधान में कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेज (सी.एम.एफ.) के साथ साझेदारी में आयोजित की जाएगी, जो सी.एम.एफ. का समर्पित प्रशिक्षण टास्क फोर्स है। यह समारोह सी.एम.एफ. भागीदार देशों के कर्मियों को व्यावसायिक समुद्री सुरक्षा प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान के लिए एक साथ लाएगा। सी.एम.एफ. 40 से अधिक देशों की एक बहुराष्ट्रीय समुद्री साझेदारी है और इसके साथ अपने जुड़ाव के माध्यम से भारतीय नौसेना क्षेत्रीय क्षमता निर्माण तथा सामूहिक समुद्री सुरक्षा में निरंतर योगदान दे रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा शिक्षण, सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव का समावेश होगा। सत्रों में समुद्री कानून, समुद्री क्षेत्र जागरूकता एवं सूचना साझाकरण, मादक पदार्थ रोधी उपाय, बल सुरक्षा, असममित खतरे तथा समुद्री मानवरहित प्रणालियों जैसे क्षेत्र शामिल होंगे। प्रतिभागियों को क्षति नियंत्रण एवं अग्निशमन, समुद्री संचार, समुद्र में उत्तरजीविता और बोर्डिंग प्रक्रियाओं में भी प्रशिक्षित किया जाएगा तथा भारतीय नौसेना पोत पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 भारतीय नौसेना की आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना, अत्याधुनिक सिम्युलेटरों, उन्नत शिक्षण पद्धतियों और व्यावसायिक विशेषज्ञता को प्रदर्शित करेगा। सैद्धांतिक शिक्षण के साथ व्यावहारिक अनुप्रयोग का समेकन भाग लेने वाले देशों के बीच अंतर-संचालनीयता, व्यावसायिक समझ और सहयोग को बढ़ाने की दिशा में लक्षित है।दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि में इस गतिविधि का आयोजन बहुराष्ट्रीय समुद्री प्रशिक्षण में भारतीय नौसेना के बढ़ते योगदान को सुदृढ़ करता है। यह एक अग्रणी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में दक्षिणी नौसेना कमान की भूमिका को भी उजागर करता है और व्यावसायिक समुद्री प्रशिक्षण के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में भारतीय नौसेना की प्रतिष्ठा को मजबूत करता है।