भारतीय नौसेना 11 जुलाई 2026 को विशाखापत्तनम में परियोजना 17ए के अंतर्गत निर्मित अपने छठे स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि (एफ-38) को कमीशन करने जा रही है।पूर्वी घाट की भव्य महेंद्रगिरि पर्वतमाला के नाम पर नामित यह फ्रिगेट दृढ़ता, शक्ति एवं अटूट संकल्प का प्रतीक है। इस नाम को धारण करने वाला यह भारतीय नौसेना का पहला युद्धपोत है, जो इसे वास्तव में अद्वितीय बनाता है। भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि भारतीय समुद्री इतिहास में गौरवपूर्ण विरासत स्थापित करने के लिए तैयार है।
भारतीय नौसेना के युद्धपोत अभिकल्प ब्यूरो (Warship Design Bureau - WDB) द्वारा स्वदेश में अभिकल्पित तथा मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल), मुंबई द्वारा निर्मित भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि परियोजना 17ए का छठा स्टील्थ फ्रिगेट है। यह स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना एवं निर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती विशेषज्ञता का उत्कृष्ट उदाहरण है।उन्नत स्टील्थ विशेषताओं, बेहतर उत्तरजीविता क्षमता, कम रडार परावर्तन (Radar Signature) तथा उच्च स्तर के स्वचालन से युक्त यह फ्रिगेट आधुनिक कम्बाइंड डीज़ल ऑर गैस (CODOG) प्रणोदन प्रणाली से संचालित है, जो इसे समुद्री अभियानों की संपूर्ण श्रृंखला में उच्च गति एवं लंबी परिचालन क्षमता प्रदान करती है।
75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री से निर्मित भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल का सशक्त उदाहरण है। इसके निर्माण में अनेक भारतीय उद्योगों, विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है, जिससे रोजगार सृजन के साथ-साथ देश के रक्षा औद्योगिक आधार को भी मजबूती मिली है।
फ्रिगेट अत्याधुनिक स्वदेशी हथियारों एवं सेंसरों से सुसज्जित है, जिनमें सतह-से-सतह एवं सतह-से-वायु मिसाइल प्रणालियाँ, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, व्यापक पनडुब्बी रोधी युद्ध प्रणाली तथा एकीकृत कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं। यह वायु, सतह एवं पनडुब्बी रोधी अभियानों के साथ-साथ समुद्री सुरक्षा, शक्ति प्रदर्शन (Power Projection), मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR), खोज एवं बचाव (SAR) तथा निरंतर समुद्री उपस्थिति जैसे विविध अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सक्षम है।भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि का कमीशन होना परियोजना 17ए के सफल क्रियान्वयन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस श्रेणी के अन्य फ्रिगेटों के बेड़े में शामिल होने के साथ भारतीय नौसेना की युद्धक क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा स्वदेशी युद्धपोत निर्माण में भारत की अग्रणी भूमिका भी और मजबूत होगी।
हिंद महासागर क्षेत्र में भारत अपनी प्राथमिक सुरक्षा भागीदार (Preferred Security Partner) की भूमिका को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। ऐसे में भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि एक प्रभावी बल गुणक (Force Multiplier) के रूप में देश के समुद्री हितों की रक्षा करते हुए सुरक्षित, स्थिर एवं समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।स्वदेशी युद्धपोतों के माध्यम से भारतीय नौसेना अपनी समुद्री क्षमताओं का निरंतर विस्तार कर रही है। एक मिशन-तत्पर युद्धपोत के रूप में भा.नौ.पो. महेंद्रगिरि अपने आदर्श वाक्य "शक्तिशाली – भव्य – अद्वितीय (Mighty–Majestic–Matchless)" के अनुरूप राष्ट्र की सेवा के लिए पूर्णतः तैयार है।