भारत और सिंगापुर के बीच गहरे रणनीतिक एवं समुद्री साझेदारी संबंधों को और सुदृढ़ करते हुए भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के पोत भा.नौ.पो. उदयगिरि, भा.नौ.पो. शक्ति एवं भा.नौ.पो. कवरत्ती, रियर एडमिरल आलोक आनंद, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट के नेतृत्व में, भारतीय नौसेना की परिचालन तैनाती के अंतर्गत सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पर अपना बंदरगाह प्रवास सफलतापूर्वक संपन्न कर आगे की तैनाती के लिए रवाना हुए।
आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष तथा भारत सरकार की एक्ट ईस्ट नीति के अनुरूप आयोजित इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता एवं नौसैनिक सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से क्रॉस-डेक भ्रमण सहित अनेक व्यावसायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बंदरगाह प्रवास के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने भी भा.नौ.पो. कवरत्ती का भ्रमण किया और नौसैनिक अभियानों, युद्धपोत पर जीवन तथा भारतीय नौसेना के समुद्री मूल्यों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
इस यात्रा का सफल समापन भारत और सिंगापुर के बीच निरंतर सुदृढ़ होती समुद्री साझेदारी की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों ने व्यावसायिक समझ को बढ़ाने, परिचालन सहयोग को मजबूत करने तथा क्षेत्र में शांति, स्थिरता एवं सुरक्षा बनाए रखने के साझा प्रयासों को और प्रोत्साहित किया।