भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के पोत भा.नौ.पो. उदयगिरि, भा.नौ.पो. कवरत्ती एवं भा.नौ.पो. शक्ति, रियर एडमिरल आलोक आनंद, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट के नेतृत्व में, 01 जुलाई 2026 को सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पहुँचे।
यह यात्रा भारतीय नौसेना और रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर नेवी के बीच मजबूत एवं दीर्घकालिक संबंधों का प्रतीक है तथा दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में भारतीय नौसेना की जारी परिचालन तैनाती का हिस्सा है। यह भारत सरकार की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर (MAHASAGAR) की परिकल्पना तथा आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष 2026 के उद्देश्यों के अनुरूप है।
बंदरगाह प्रवास के दौरान भारतीय नौसैनिक पोत रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर नेवी के साथ व्यावसायिक विचार-विमर्श, क्रॉस-डेक भ्रमण तथा पारस्परिक समुद्री हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के कार्मिकों को परिचालन अनुभवों एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों (Best Practices) का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा, जिससे आपसी समझ एवं अंतर-संचालन क्षमता को और सुदृढ़ किया जाएगा।
भारत सामूहिक समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने, क्षेत्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा समुद्री साझेदार देशों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सिंगापुर की यह यात्रा इन उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षित, संरक्षित एवं समावेशी समुद्री वातावरण की साझा परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करती है।