भारतीय नौसेना का स्वदेश निर्मित सर्वेक्षण पोत (बड़ा) भा.नौ.पो. इक्षक 26 जून 2026 को दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी परिचालन तैनाती के अंतर्गत सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया पहुँचा। यह यात्रा सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह के साथ हो रही है, जो भारत और सेशेल्स के बीच दीर्घकालिक मित्रता तथा मजबूत समुद्री साझेदारी को रेखांकित करती है।
बंदरगाह प्रवास के दौरान भा.नौ.पो. इक्षक सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेगा तथा सेशेल्स रक्षा बलों के साथ विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों और विचार-विमर्श में सहभागिता करेगा, जिनका उद्देश्य समुद्री सहयोग एवं अंतर-संचालन क्षमता को और सुदृढ़ करना है। पोत सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों के अंतर्गत चिकित्सा शिविरों का आयोजन तथा आवश्यक सामग्री का वितरण भी करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच सद्भावना एवं जन-से-जन संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
इस यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. इक्षक आम नागरिकों के लिए भी खुला रहेगा, जिससे आगंतुकों को भारतीय नौसेना की क्षमताओं तथा क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा, संरक्षा एवं सहयोग को बढ़ावा देने के उसके संकल्प से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा।
भा.नौ.पो. इक्षक की यह तैनाती मित्र देशों के साथ समुद्री साझेदारी को और सुदृढ़ करने तथा महासागर (MAHASAGAR – क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) की परिकल्पना के अनुरूप हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करती है।