भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के पोत भा.नौ.पो. उदयगिरि, भा.नौ.पो. कवरत्ती एवं भा.नौ.पो. शक्ति दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में अपनी परिचालन तैनाती के अंतर्गत थाईलैंड के सत्ताहीप पहुँचे।
रियर एडमिरल आलोक आनंद, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट के नेतृत्व में पहुँचे इन पोतों का रॉयल थाई नौसेना द्वारा स्वागत किया गया। यह बंदरगाह यात्रा दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ भारत की निरंतर समुद्री सहभागिता का हिस्सा है तथा भारत और थाईलैंड के बीच घनिष्ठ एवं दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी को प्रतिबिंबित करती है।
इस यात्रा के दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच व्यावसायिक विचार-विमर्श, क्रॉस-डेक भ्रमण, परिचालन संबंधी संवाद, खेलकूद गतिविधियाँ तथा सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य नौसेना-से-नौसेना सहयोग एवं अंतर-संचालन क्षमता को और सुदृढ़ करना है।
यह बंदरगाह यात्रा भारत और थाईलैंड के बीच आपसी सौहार्द, पारस्परिक सहयोग तथा द्विपक्षीय समुद्री संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, यह भारतीय नौसैनिक पोतों की स्वदेशी अभिकल्पना, मॉड्यूलर निर्माण तथा अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन करते हुए रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं एवं एक विश्वसनीय साझेदार के रूप में उसकी साख को भी रेखांकित करती है।