भारतीय नौसेना के स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तरकश ने 15 जून 2026 को पोर्ट विक्टोरिया, सेशेल्स में अपनी पोर्ट कॉल पूर्ण करने के बाद आगे की तैनाती के लिए प्रस्थान किया। अपने प्रवास के दौरान, जहाज ने भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और समुद्री साझेदारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न पेशेवर आदान-प्रदान, सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों तथा राजनयिक गतिविधियों में भाग लिया।
13 जून 2026 को जहाज को आगंतुकों के लिए खोला गया, जिसमें भारतीय प्रवासी समुदाय और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर ने उन्हें चालक दल के सदस्यों से संवाद करने तथा भारतीय नौसेना की भूमिका और उसकी क्षमताओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।जहाज की चिकित्सा टीम ने स्थानीय समुदाय के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक मानवीय सहायता कार्यक्रम भी आयोजित किया, जिसके अंतर्गत प्राथमिक उपचार और बुनियादी चिकित्सा परामर्श प्रदान किए गए, साथ ही आवश्यक दवाइयों और खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया।
जहाज पर एक सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें सेशेल्स गणराज्य के उपराष्ट्रपति महामहिम श्री एलिक्स सेबास्टियन पिले, राजनयिक समुदाय के सदस्य, भारत के उच्चायोग के प्रतिनिधि तथा अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इस यात्रा ने दोनों देशों के बीच घनिष्ठ और स्थायी संबंधों की पुनः पुष्टि की तथा समुद्री सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और MAHASAGAR (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास हेतु पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।