वाइस एडमिरल संजय वात्सायन, पी.वी.एस.एम., ए.वी.एस.एम., एन.एम. ने 30 मई 2026 को मुंबई में आयोजित एक औपचारिक परेड के दौरान फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, पश्चिमी नौसेना कमान का कार्यभार ग्रहण किया। इस नियुक्ति से पूर्व वे नई दिल्ली स्थित नौसेना मुख्यालय में उप नौसेना प्रमुख के पद पर कार्यरत थे। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड स्थित गौरव स्तंभ पर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला, पुणे के पूर्व छात्र वाइस एडमिरल वात्सायन 01 जनवरी 1988 को भारतीय नौसेना में सेवा में शामिल हुए थे। गनरी और मिसाइल प्रणालियों के विशेषज्ञ वाइस एडमिरल वात्सायन ने तीन दशक से अधिक लंबे अपने विशिष्ट नौसैनिक करियर के दौरान समुद्र और तट दोनों पर कमान, परिचालन, स्टाफ तथा प्रशिक्षण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं।
वाइस एडमिरल वात्सायन ने विभिन्न अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर सेवा की है तथा तटरक्षक पोत सी-05, मिसाइल पोत भा.नौ.पो. विभूति और भा.नौ.पो. नाशक, मिसाइल कार्वेट भा.नौ.पो. कुठार तथा गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट भा.नौ.पो. सह्याद्रि की कमान संभाली है। वे रक्षा सेवा स्टाफ महाविद्यालय, वेलिंगटन, नौसेना युद्ध महाविद्यालय, गोवा तथा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, नई दिल्ली के स्नातक हैं। रणनीतिक और नीतिगत महत्व की विभिन्न स्टाफ नियुक्तियों में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने नौसेना मुख्यालय के कार्मिक एवं योजना निदेशालयों में अनेक स्टाफ दायित्व निभाए, जिनमें फ्लैग रैंक पर पदोन्नति के बाद सहायक नौसेना प्रमुख (नीति एवं योजनाएं) का पद भी शामिल है। इसके पश्चात उन्होंने भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की कमान संभाली तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के उप कमांडेंट और पूर्वी नौसेना कमान के प्रमुख स्टाफ अधिकारी के रूप में भी सेवा दी। उन्होंने मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ में डिप्टी चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (डी.सी.आई.डी.एस.)–ऑपरेशंस तथा डी.सी.आई.डी.एस. (नीति, योजनाएं एवं बल विकास) के रूप में भी कार्य किया। इस दौरान उन्होंने परिचालनों के समन्वय, एकीकरण एवं संयुक्तता को सुदृढ़ बनाने, बल विकास को आगे बढ़ाने तथा तीनों सेनाओं में स्वदेशीकरण को प्रोत्साहित करने वाली नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, पश्चिमी नौसेना कमान का कार्यभार संभालने से पूर्व वाइस एडमिरल वात्सायन भारतीय नौसेना के 47वें उप नौसेना प्रमुख थे। इस पद पर वे भारतीय नौसेना की क्षमता विकास तथा भविष्य की तैयारियों से जुड़े दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। वाइस एडमिरल वात्सायन को परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और नौ सेना पदक से सम्मानित किया जा चुका है।