भारतीय नौसेना का भारतीय महासागर पोत (आई.ओ.एस.) सागर 18 मई 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में तीन दिवसीय सफल पोर्ट कॉल पूरा कर रवाना हुआ। इस यात्रा ने भारत और श्रीलंका के बीच दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी को और सुदृढ़ किया तथा भारत की महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) की परिकल्पना को आगे बढ़ाया। यात्रा के दौरान आई.ओ.एस. सागर के कमांडिंग ऑफिसर ने श्रीलंका नौसेना के वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात की और समुद्री सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित एवं संरक्षित समुद्री मार्ग सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों को मजबूत बनाने पर चर्चा की। आई.ओ.एस. सागर पर आयोजित डेक रिसेप्शन ने राजनयिक सहभागिता का मंच प्रदान किया और नौसैनिक कर्मियों तथा विशिष्ट अतिथियों के बीच पेशेवर संवाद को और प्रगाढ़ बनाया। इस समारोह में पोत के चालक दल की बहुराष्ट्रीय संरचना की झलक देखने को मिली तथा तैनाती के माध्यम से क्षेत्रीय सहयोग की भावना को भी बल मिला। जनसंपर्क गतिविधियों के अंतर्गत आई.ओ.एस. सागर पर श्रीलंका नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें पोत की परिचालन क्षमताओं और उस पर होने वाले जीवन को निकट से जानने का अवसर मिला।
यात्रा के दौरान पेशेवर और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य आपसी सौहार्द और समझ को बढ़ावा देना था। श्रीलंका नौसेना और आई.ओ.एस. सागर के कर्मियों के बीच खेले गए मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच ने दलगत भावना को प्रोत्साहित किया और दोनों नौसेनाओं के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत बनाया। इसके अतिरिक्त बहुराष्ट्रीय चालक दल ने गाले और कैंडी का सांस्कृतिक भ्रमण किया तथा श्रीलंका की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को निकट से समझने का अवसर प्राप्त किया। कोलंबो से प्रस्थान के समय आई.ओ.एस. सागर ने श्रीलंका नौसेना के पोत एस.एल.एन.एस. नंदिमित्रा के साथ पैसेज एक्सरसाइज (पी.ए.एस.एस.ई.एक्स.) में भाग लिया। इस अभ्यास में समन्वित सामरिक युद्धाभ्यास और संचार अभ्यास शामिल थे, जिनका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता, समुद्री कौशल तथा परिचालन समन्वय को और बेहतर बनाना था। आई.ओ.एस. सागर वर्तमान में कोच्चि की ओर अग्रसर है और हिंद महासागर क्षेत्र में साझेदार देशों के बीच समुद्री सहयोग, अंतर-संचालन क्षमता तथा मित्रता को बढ़ावा देने के अपने मिशन को आगे बढ़ा रहा है।