रॉयल नीदरलैंड्स नौसेना का युद्धपोत एचएनएलएमएस डी रूयटर (F804), जो डी ज़ेवेन प्रोविन्सिएन श्रेणी का फ्रिगेट है, 04 मई 2026 को कोच्चि पहुँचा। इस युद्धपोत की यात्रा दक्षिणी नौसेना कमान (एस.एन.सी.), कोच्चि के दौरे पर आए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ हो रही है, जिसमें रॉयल मरीन्स के मेजर जनरल रॉब डी विट, रॉयल नीदरलैंड्स नौसेना के उप कमांडर (डी.सी.एन.) तथा मारिसा जेरार्ड्स, नीदरलैंड्स साम्राज्य की राजदूत शामिल हैं। कोच्चि बंदरगाह पर आगमन के समय एचएनएलएमएस डी रूयटर को भारतीय नौसेना के फास्ट इंटरसेप्टर क्राफ्ट द्वारा एस्कॉर्ट किया गया तथा नौसेना बैंड के साथ औपचारिक स्वागत प्रदान किया गया। यह युद्धपोत वर्तमान में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में पाँच माह की तैनाती पर है और इस दौरान साझेदार देशों के साथ विभिन्न समुद्री अभ्यासों में भाग लेगा। रॉयल नीदरलैंड्स नौसेना के इस युद्धपोत तथा उसके उप कमांडर के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल की भारतीय बंदरगाह यात्रा दोनों देशों के बीच समुद्री संबंधों को और अधिक सुदृढ़ एवं निकट बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रॉयल नीदरलैंड्स नौसेना के उप कमांडर इससे पूर्व फरवरी 2026 में विशाखापत्तनम में आयोजित मिलन-2026 के अंतर्गत आई.ओ.एन.एस. कॉन्क्लेव ऑफ चीफ्स कार्यक्रम में भी भाग ले चुके हैं।
नीदरलैंड्स नौसेना के प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिणी नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ रियर एडमिरल प्रकाश गोपालन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समुद्री क्षेत्र से जुड़े परस्पर हितों के विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग बढ़ाने की संभावनाएँ भी शामिल थीं। नीदरलैंड्स के राष्ट्रीय स्मरण दिवस (04 मई) के अवसर पर मेजर जनरल रॉब डी विट और राजदूत मारिसा जेरार्ड्स ने दक्षिणी नौसेना कमान के युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। नीदरलैंड्स का प्रतिनिधिमंडल प्रशिक्षण सहयोग को बढ़ाने तथा सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर केंद्रित कई द्विपक्षीय कार्यक्रमों में भी भाग लेगा। प्रतिनिधिमंडल दक्षिणी नौसेना कमान के विभिन्न पेशेवर प्रशिक्षण संस्थानों का दौरा करेगा तथा उन्नत सिमुलेटरों और अत्याधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना का प्रदर्शन देखेगा। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल भारत की जहाज निर्माण क्षमताओं की जानकारी प्राप्त करने तथा औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड का भी दौरा करेगा। दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच कई पेशेवर एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। कोच्चि से प्रस्थान के समय एचएनएलएमएस डी रूयटर भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत के साथ पैसेज एक्सरसाइज (PASSEX) में भाग लेगा, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता (Interoperability) और परिचालन समन्वय को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।