भारतीय महासागर पोत (आई.ओ.एस.) सागर, आई.एन.एस. सुनयना, भारत की क्षेत्रीय समुद्री सहभागिता के अंतर्गत 04 मई 2026 को म्यांमार के यांगून बंदरगाह पहुँचा। यह यात्रा भारतीय नौसेना प्रमुख (चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ) एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी की म्यांमार यात्रा के साथ-साथ हो रही है, जो भारत और म्यांमार के बीच द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान को रेखांकित करती है।
बंदरगाह पर पहुँचने पर म्यांमार नौसेना द्वारा आई.ओ.एस. सागर का औपचारिक स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान म्यांमार नौसेना द्वारा आई.ओ.एस. सागर के चालक दल के लिए एक आधिकारिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य पेशेवर एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। यात्रा के दौरान प्रस्तावित गतिविधियों में म्यांमार नौसेना के प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का दौरा शामिल है, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान हो सके। इसके अतिरिक्त, दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
आई.ओ.एस. सागर की तैनाती और यह बंदरगाह यात्रा भारत के ‘महासागर’ (MAHASAGAR – Mutual and Holistic Advancement for Security Across Regions) दृष्टिकोण के अनुरूप है तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोगात्मक समुद्री सहभागिता को बढ़ावा देने में भारतीय नौसेना की भूमिका को प्रतिबिंबित करती है। यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ (Neighbourhood First) नीति के अनुरूप भी है।