हिंद महासागर पोत (आई.ओ.एस.) सागर अर्थात भा.नौ.पो. सुनयना ने 17 अप्रैल 2026 को उच्च गति वाले तीन दिवसीय ऑपरेशनल टर्नअराउंड (ओ.टी.आर.) के सफल समापन के बाद फुकेत, थाईलैंड से प्रस्थान किया। यह वर्तमान तैनाती के दौरान उसके दूसरे पोर्ट कॉल के सफल समापन को दर्शाता है। फुकेत यात्रा के दौरान आई.ओ.एस. सागर ने रॉयल थाई नेवी (आर.टी.एन.) के साथ पेशेवर, रणनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला में भाग लिया, जिससे द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को उल्लेखनीय मजबूती मिली। भा.नौ.पो. सुनयना के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सिद्धार्थ चौधरी ने आर.टी.एन. के तृतीय नौसैनिक क्षेत्र कमान के स्टाफ प्रमुख रियर एडमिरल सथापोर्न वाजरत से मुलाकात की और समुद्री सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
आई.ओ.एस. सागर और आर.टी.एन. के कर्मियों की भागीदारी से आयोजित मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच और संयुक्त योग सत्र पेशेवर और पारस्परिक संबंध और मजबूत हुए। पोत पर आयोजित औपचारिक डेक रिसेप्शन में वरिष्ठ नौसैनिक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और इस दौरान आई.ओ.एस. सागर मिशन से जुड़े अनुभव साझा किए गए तथा समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा हुई। पोत को आगंतुकों के लिए भी खोला गया, जिससे जन-से-जन संपर्क को बढ़ावा मिला। एच.टी.एम.एस. क्लोंगयाई के साथ पैसेज एक्सरसाइज (पी.ए.एस.एस.ई.एक्स.) के दौरान परिचालन अंतःक्रियाशीलता का प्रदर्शन किया गया। इसमें संचार अभ्यास और गठन संचालन शामिल रहे, जिनसे दोनों नौसेनाओं के बीच निर्बाध समन्वय और “प्लग-एंड-प्ले” क्षमता प्रदर्शित हुई। यह यात्रा भारत और थाईलैंड के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी को रेखांकित करती है, जो क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति की महासागर दृष्टि के अनुरूप है। आई.ओ.एस. सागर अब अपने अगले पोर्ट कॉल के लिए जकार्ता, इंडोनेशिया की ओर रवाना हो गया है और दक्षिण-पूर्व हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने के अपने मिशन को आगे बढ़ा रहा है।