Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना नई दिल्ली में कमांडर्स कॉन्फ्रेंस–2026 के प्रथम संस्करण की मेजबानी करेगी

भारतीय नौसेना नई दिल्ली में कमांडर्स कॉन्फ्रेंस–2026 के प्रथम संस्करण की मेजबानी करेगी
भारतीय नौसेना नई दिल्ली में कमांडर्स कॉन्फ्रेंस–2026 के प्रथम संस्करण की मेजबानी करेगी

भारतीय नौसेना की द्विवार्षिक कमांडर्स कॉन्फ्रेंस 2026 का प्रथम संस्करण 14 से 16 अप्रैल 2026 तक तीन दिनों के दौरान नई दिल्ली स्थित नौसेना भवन में आयोजित किया जाएगा। यह सर्वोच्च स्तर का सम्मेलन राष्ट्रीय समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए नौसेना की परिचालन स्थिति की व्यापक समीक्षा, क्षमता विकास तथा राष्ट्रीय सुरक्षा उद्देश्यों के अनुरूप रणनीतिक समन्वय पर विचार करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और हिंद महासागर क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय बलों (एम.एन.एफ.) की बढ़ती उपस्थिति के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा की रक्षा के लिए तेज नौसैनिक तैनाती की पृष्ठभूमि में इस संस्करण का विशेष महत्व है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद नौसेना के परिचालन सिद्धांत, अंतर-सेवा समन्वय और प्रौद्योगिकी आधारित प्रतिक्रिया तंत्र को और सुदृढ़ करने के दृष्टिकोण से भी यह सम्मेलन महत्वपूर्ण है।

सम्मेलन में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और गृह सचिव संबोधित करेंगे तथा वरिष्ठ नौसैनिक नेतृत्व के साथ विस्तृत विचार-विमर्श होगा। इन संवादों का उद्देश्य पारस्परिक कार्यक्षमता और संयुक्तता को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय स्थिरता, सुरक्षा संरचना और भविष्य की समुद्री चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर व्यापक समझ विकसित करना है। यह मंच राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ निकट संवाद का अवसर भी प्रदान करेगा और नौसेना की भावी योजनाओं के लिए रणनीतिक दिशा तय करने में सहायक होगा। नौसेना प्रमुख परिचालन कमांडरों और वरिष्ठ नौसैनिक नेतृत्व के साथ वर्तमान भू-रणनीतिक परिवेश में उत्पन्न बहुआयामी चुनौतियों से निपटने की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सुरक्षा आवश्यकताओं के साथ विचार-विमर्श में निर्णायक परिचालन सफलता प्राप्त करने, ब्लू-वॉटर क्षमताओं को सुदृढ़ करने, प्रशिक्षण, मानव संसाधन प्रबंधन, सतत अनुरक्षण पद्धतियों, मानवरहित प्रणालियों के प्रभावी उपयोग, परिचालन लॉजिस्टिक्स तथा प्लेटफॉर्मों की युद्धक तत्परता सुनिश्चित करने वाले अन्य प्रमुख पहलुओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। निर्बाध परिचालन के लिए पैन-नौसेना समाधानों हेतु कृत्रिम बुद्धिमत्ता रोडमैप के कार्यान्वयन और डेटा आधारित प्रौद्योगिकियों की समीक्षा पर भी चर्चा होगी।

विस्तृत परिप्रेक्ष्य में नौसेना का सर्वोच्च नेतृत्व भारतीय समुद्री सिद्धांत (आई.एम.डी.) में वर्णित भारतीय नौसेना की चार भूमिकाओं के अनुरूप सरकार के निर्देशानुसार सैन्य सफलता सुनिश्चित करने की समग्र तैयारी की समीक्षा करेगा। इसमें निरंतर परिचालन क्षमता बनाए रखने, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को विस्तार देने, भारत सरकार की क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति (महासागर) की परिकल्पना को आगे बढ़ाने तथा स्वदेशीकरण और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सम्मेलन के दौरान होने वाला विचार-विमर्श हिंद महासागर क्षेत्र और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारतीय नौसेना को ‘प्राथमिक सुरक्षा साझेदार’ के रूप में और मजबूत करने की दिशा में केंद्रित रहेगा।