भारतीय नौसेना का भा.नौ.पो. सुनयना, जो इंडियन ओशन शिप (आई.ओ.एस.) एस.ए.जी.ए.आर. पहल के अंतर्गत तैनात है, 06 अप्रैल 2026को माले पहुँचा और इस प्रकार अपनी परिचालन तैनाती के पहले पोर्ट कॉल को चिह्नित किया। पोत का मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स (एम.एन.डी.एफ.) द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया, जो दोनों देशों के बीच मजबूत और दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी तथा घनिष्ठ क्षेत्रीय संबंधों को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि एम.एन.डी.एफ. के दो कर्मी भी पोत पर सवार बहुराष्ट्रीय दल का हिस्सा हैं। माले की यात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय दल ने सीमैनशिप, छोटे हथियारों की फायरिंग और क्षति नियंत्रण अभ्यासों में गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया, जो सामूहिक तत्परता, परिचालन अंतरसंचालनीयता और समुद्री सहयोग पर मजबूत जोर को दर्शाता है। यह तैनाती हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री साझेदारियों को सुदृढ़ करने और क्षमता निर्माण के प्रति भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जिससे पारस्परिक विश्वास और क्षेत्रीय सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जा रहा है।माले पहुँचने पर मालदीव में भारत के उच्चायुक्त श्री जी. बालासुब्रमण्यम ने पोत का दौरा किया और बहुराष्ट्रीय दल के साथ संवाद किया। पोर्ट कॉल के दौरान निकट सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न पेशेवर और सामाजिक कार्यक्रमों तथा खेल गतिविधियों की योजना बनाई गई है। पोत के प्रस्थान के समय एम.एन.डी.एफ. कोस्ट गार्ड के साथ एक पैसेज एक्सरसाइज (पी.ए.एस.एस.ई.एक्स.) भी निर्धारित है। आई.ओ.एस. एस.ए.जी.ए.आर., जिसमें 16 मित्र विदेशी देशों के अंतरराष्ट्रीय दल के सदस्य शामिल हैं, दक्षिण पूर्व हिंद महासागर क्षेत्र में तैनाती पर है और यह भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति तथा महा सागर (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन) के दृष्टिकोण को सुदृढ़ करता है।इस पोत को02 अप्रैल 2026को मुंबई से रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ द्वारा औपचारिक रूप से रवाना किया गया। यह पहल ‘वन ओशन, वन मिशन’ की स्थायी दृष्टि को प्रतिबिंबित करती है और भारत तथा उसके समुद्री पड़ोसी देशों के बीच समुद्री संबंधों को और सुदृढ़ करती है।