भारतीय नौसेना का अग्रिम पंक्ति का निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट भा.नौ.पो. त्रिकंड दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी जारी तैनाती के तहत 03 अप्रैल 2026 को तंजानिया के दार-एस-सलाम पहुंचा। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और तंजानिया के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करना और द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाना है।
पोर्ट कॉल के दौरान होने वाली गतिविधियों में पेशेवर संवाद शामिल हैं। इनके तहत पारस्परिक संचालन क्षमता और समुद्री सहयोग बढ़ाने के लिए तंजानिया नौसेना के साथ संयुक्त प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं और योग सहित कई सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पोत पर एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे सद्भावना और जन-से-जन संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।
भारत से लाए गए महत्वपूर्ण भंडार भी इस यात्रा के दौरान सौंपे जाएंगे। पोत के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन सचिन कुलकर्णी तंजानिया पीपल्स डिफेंस फोर्सेज तथा संयुक्त गणराज्य तंजानिया की सरकार के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों से भेंट करेंगे। भा.नौ.पो. त्रिकंड का यह पोर्ट कॉल क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति के भारत के महासागर दृष्टिकोण के अनुरूप है।