सी.एस.एल., कोच्चि द्वारा निर्मित आठ एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट (ए.एस.डब्ल्यू. एस.डब्ल्यू.सी.) में से दूसरा पोत ‘मालवन’ 31 मार्च 2026 को भारतीय नौसेना को डिलीवर किया गया। इस पोत का डिजाइन और निर्माण सी.एस.एल., कोच्चि द्वारा भारतीय नौसेना के विनिर्देशों के अनुसार तथा डी.एन.वी. के वर्गीकरण नियमों के अनुरूप स्वदेशी रूप से किया गया है।
‘मालवन’ का नाम महाराष्ट्र के ऐतिहासिक तटीय नगर मालवन के नाम पर रखा गया है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवशाली समुद्री विरासत से गहराई से जुड़ा हुआ क्षेत्र है। यह पोत पूर्व भा.नौ.पो. मालवन की विरासत को भी आगे बढ़ाता है, जो भारतीय नौसेना का एक माइन्सवीपर था और वर्ष 2003 तक सेवा में रहा। इस प्रकार यह प्रतिष्ठित युद्धपोतों के नामों को संरक्षित रखने की नौसैनिक परंपरा को आगे बढ़ाता है।
यह पोत पानी के भीतर निगरानी, तटीय जलक्षेत्र में एंटी-सबमरीन वारफेयर (ए.एस.डब्ल्यू.) संचालन, लो इंटेंसिटी मैरीटाइम ऑपरेशंस (एल.आई.एम.ओ.) तथा माइन वारफेयर क्षमताओं के लिए सुसज्जित है। लगभग 80 मीटर लंबाई और 1,100 टन विस्थापन वाले ये वाटरजेट संचालित ए.एस.डब्ल्यू. एस.डब्ल्यू.सी. टॉरपीडो, बहु-कार्यात्मक एंटी-सबमरीन रॉकेट और अत्याधुनिक सेंसरों से लैस हैं, जिनमें उन्नत रडार और सोनार प्रणाली शामिल हैं। 80% से अधिक स्वदेशीकरण के साथ ‘मालवन’ स्वदेशी युद्धपोत निर्माण में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है और भारत सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण की पुनः पुष्टि करता है। यह पोत देश के रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र द्वारा विकसित और एकीकृत उपकरणों तथा प्रणालियों से सुसज्जित है, जिनमें एम.एस.एम.ई. भी शामिल हैं।