जी.आर.एस.ई., कोलकाता में प्रोजेक्ट 17ए के तहत भारतीय नौसेना को स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट ‘दुनागिरी’ की डिलीवरी
दुनागिरी (यार्ड 3023) नीलगिरि श्रेणी (प्रोजेक्ट 17ए) का पाँचवाँ पोत और गार्डन रीच शिपबिल्डिंग एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जी.आर.एस.ई.), कोलकाता में निर्मित इस श्रेणी का दूसरा पोत है। इसे 30 मार्च 2026 को जी.आर.एस.ई., कोलकाता में भारतीय नौसेना को डिलीवर किया गया, जो युद्धपोतों के डिजाइन और निर्माण में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रोजेक्ट 17ए के फ्रिगेट बहुउद्देश्यीय मल्टी-मिशन प्लेटफॉर्म हैं, जिन्हें समुद्री क्षेत्र में वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए डिजाइन किया गया है। दुनागिरी पूर्व भा.नौ.पो. दुनागिरी का पुनर्जन्म है, जो लीएंडर श्रेणी का फ्रिगेट था और 05 मई 1977 से 10 अक्टूबर 2010 तक भारतीय नौसेना के बेड़े का हिस्सा रहा। इसने राष्ट्र की सेवा में 33 वर्षों तक गौरवपूर्ण योगदान दिया। यह अत्याधुनिक फ्रिगेट नौसैनिक डिजाइन, स्टेल्थ, मारक क्षमता, स्वचालन और जीवित रहने की क्षमता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है और युद्धपोत निर्माण में आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट प्रतीक है।
वारशिप डिजाइन ब्यूरो (डब्ल्यू.डी.बी.) द्वारा डिजाइन किए गए और वारशिप ओवरसीइंग टीम (कोलकाता) की देखरेख में तैयार किए गए पी17ए फ्रिगेट स्वदेशी पोत डिजाइन, स्टेल्थ, जीवित रहने की क्षमता और युद्धक क्षमता में नई पीढ़ी की प्रगति को दर्शाते हैं। इंटीग्रेटेड कंस्ट्रक्शन के सिद्धांत पर आधारित इस पोत का निर्माण और डिलीवरी निर्धारित समयसीमा के भीतर की गई। पी17ए श्रेणी के पोत पी17 (शिवालिक) श्रेणी की तुलना में अधिक उन्नत हथियार और सेंसर प्रणाली से सुसज्जित हैं। इन पोतों में कंबाइंड डीजल ऑर गैस (सी.ओ.डी.ओ.जी.) प्रोपल्शन प्लांट लगाया गया है, जिसमें एक डीजल इंजन और एक गैस टरबाइन शामिल हैं। ये प्रत्येक शाफ्ट पर कंट्रोलबल पिच प्रोपेलर (सी.पी.पी.) को संचालित करते हैं और पोत अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट सिस्टम (आई.पी.एम.एस.) से भी लैस है। शक्तिशाली हथियार और सेंसर प्रणाली में ब्रह्मोस एस.एस.एम., एम.एफ.एस.टी.ए.आर. और एम.आर.एस.ए.एम. कॉम्प्लेक्स, 76 मिमी एस.आर.जी.एम., 30 मिमी और 12.7 मिमी क्लोज-इन वेपन सिस्टम का संयोजन तथा पनडुब्बी रोधी युद्ध के लिए रॉकेट और टॉरपीडो शामिल हैं।
दुनागिरी पिछले 16 महीनों में भारतीय नौसेना को डिलीवर किया जाने वाला पाँचवाँ पी17ए पोत है। पहले चार पी17ए पोतों के निर्माण से प्राप्त अनुभव के आधार पर दुनागिरी के निर्माण काल को 80 महीनों तक सीमित किया गया, जबकि इस श्रेणी के पहले पोत (नीलगिरि) के निर्माण में 93 महीने लगे थे।दुनागिरी की डिलीवरी देश की डिजाइन, पोत निर्माण और इंजीनियरिंग क्षमता को प्रदर्शित करती है और पोत डिजाइन तथा पोत निर्माण दोनों क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता के प्रति नौसेना के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।