कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जी.आर.एस.ई.) द्वारा स्वदेशी रूप से अभिकल्पित एवं निर्मित आठ पनडुब्बी-रोधी उथले जल युद्धपोतों (ए.एस.डब्ल्यू. एस.डब्ल्यू.सी.) में से चौथा युद्धपोत ‘अग्रय’ 30 मार्च 2026 को कोलकाता में भारतीय नौसेना को सुपुर्द किया गया। इन ए.एस.डब्ल्यू. एस.डब्ल्यू.सी. युद्धपोतों का अभिकल्पन एवं निर्माण भारतीय रजिस्टर ऑफ शिपिंग (आई.आर.एस.) के वर्गीकरण नियमों के अनुरूप जी.आर.एस.ई., कोलकाता द्वारा किया गया है, जो स्वदेशी रक्षा पोत निर्माण की सफलता को रेखांकित करता है।
लगभग 77 मीटर लंबाई वाले ये पोत वॉटरजेट प्रणोदन प्रणाली से संचालित भारतीय नौसेना के सबसे बड़े युद्धपोत हैं। ये अत्याधुनिक हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लांचर तथा उथले जल के लिए विकसित सोनार प्रणाली से सुसज्जित हैं, जो जल के भीतर मौजूद खतरों का प्रभावी ढंग से पता लगाने और उनसे निपटने में सक्षम बनाते हैं। इस पोत के नौसेना में शामिल होने से भारतीय नौसेना की पनडुब्बी-रोधी तथा बारूदी सुरंग-रोधी युद्धक क्षमताओं के साथ-साथ तटीय निगरानी क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
यह पोत पूर्ववर्ती आई.एन.एस. अग्रय का पुनर्जन्म है, जो 1241 पी.ई. श्रेणी के गश्ती पोतों में चौथा पोत था और जिसे वर्ष 2017 में सेवामुक्त किया गया था। इस प्रकार यह नौसेना की विशिष्ट विरासत वाले नामों को आगे बढ़ाने की परंपरा को निरंतर बनाए रखता है। ‘अग्रय’ की सुपुर्दगी भारतीय नौसेना की स्वदेशी जहाज निर्माण यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इस पोत में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है। यह युद्धपोत घरेलू रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र की बढ़ती क्षमता तथा आयात पर निर्भरता कम करने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।