पोत प्रतिष्ठित ‘एस्केल आ सेत’ समुद्री समारोह में भाग लेगा
भारतीय नौसेना का सेल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ‘लोकायन-26’ नामक ऐतिहासिक अंतरमहासागरीय अभियान के तहत 26 मार्च 2026को फ्रांस के ऐतिहासिक पोर्ट शहर सेत पहुँचा। यह यात्रा पोत की इस अभियान यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और समुद्री सहयोग तथा सांस्कृतिक कूटनीति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
अपने प्रवास के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी प्रतिष्ठित ‘एस्केल आ सेत’ समुद्री समारोह में भाग लेगा, जो पारंपरिक टॉल शिप्स और समुद्री समुदायों का यूरोप में आयोजित सबसे प्रसिद्ध आयोजनों में से एक है। यह समारोह वैश्विक मंच पर भारत की समुद्री विरासत को प्रदर्शित करने के साथ अंतरराष्ट्रीय सौहार्द को बढ़ावा देने और नौसैनिक साझेदारियों को सुदृढ़ करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।
सेत पहुँचने से पहले भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने सलालाह, ओमान; सफागा और अलेक्जेंड्रिया, मिस्र; तथा वलेटा, माल्टा में पोर्ट कॉल सफलतापूर्वक पूरे किए और लगभग 5,500 नॉटिकल मील की दूरी तय की। अपनी पूरी यात्रा के दौरान यह पोत ‘फ्लोटिंग एम्बेसडर’ के रूप में राष्ट्र की समृद्ध समुद्री विरासत को प्रदर्शित करता रहा और वैश्विक समुदाय के साथ सक्रिय संवाद भी करता रहा।