भारत और सेशेल्स के बीच अभ्यास लामितिये 2026 का पहला त्रि-सेवा संस्करण
भारतीय नौसेना का स्टेल्थ फ्रिगेट भा.नौ.पो. त्रिकंद समृद्ध पोर्ट कॉल पूरा करने के बाद 20 मार्च 2026 को पोर्ट विक्टोरिया, सेशेल्स से प्रस्थान कर गया। पोत के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन सचिन कुलकर्णी ने सेशेल्स सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और सेशेल्स में भारत के उच्चायुक्त से भेंट की। पोत ने सेशेल्स सरकार को महत्वपूर्ण स्पेयर पार्ट्स और आवश्यक सामग्री भी सौंपी।
भा.नौ.पो. त्रिकंद ने भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के सदस्यों तथा सेशेल्स रक्षा बल (एस.डी.एफ.) के साथ मिलकर अभ्यास लामितिये 2026 के पहले त्रि-सेवा संस्करण में भाग लिया। यह अभ्यास लामितिये के 11वें संस्करण में भारतीय नौसेना की पहली भागीदारी है।
हार्बर चरण के दौरान पोत पर विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीज़र (वी.बी.एस.एस.) प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें संयुक्त बोर्डिंग अभ्यास भी शामिल थे। इसके बाद अभ्यास का समुद्री चरण आयोजित हुआ, जिसमें पोत ने एस.सी.जी.एस. ले विजिलां के साथ समुद्र में अभ्यास किया और भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो तथा एस.डी.एफ. के विशेष बलों की संयुक्त टीम द्वारा समुद्र में संयुक्त बोर्डिंग अभियान संचालित किया गया। इसके बाद भारतीय सेना और सेशेल्स रक्षा बल के सैनिकों द्वारा प्रास्लिन द्वीप पर उतराई की गई। एस.डी.एफ. के प्रमुख मेजर जनरल माइकल रोसेट, उप प्रमुख ब्रिगेडियर जीन अटाला तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अभ्यास के समुद्री चरण को देखने के लिए भा.नौ.पो. त्रिकंद पर सवार होकर भाग लिया। इस अभ्यास ने भारत और सेशेल्स के बीच अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने और समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान किया। क्रियोल भाषा में ‘लामितिये’ का अर्थ ‘मित्रता’ है, जो दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को दर्शाता है। यह पोर्ट कॉल भारत की महासागर दृष्टि — क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक तथा समग्र प्रगति — के अनुरूप है और हिंद महासागर क्षेत्र में पसंदीदा सुरक्षा साझेदार तथा प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता के रूप में बने रहने की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।