भारतीय नौसेना का सेल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी 12 मार्च 2026 को माल्टा के ऐतिहासिक वैलेटा पोर्ट पहुँचा। यह उसके प्रमुख ट्रांसओशेनिक अभियान लोकायन-26 का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह यात्रा भारत और माल्टा के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री संबंधों को दर्शाती है और पोत की 22,000 नॉटिकल मील की वैश्विक यात्रा का अहम हिस्सा है। वैलेटा पहुँचने से पहले पोत ने स्वेज नहर से सफलतापूर्वक पारगमन किया और हाल ही में अलेक्जेंड्रिया में पोर्ट कॉल किया। आगमन पर कमांडिंग ऑफिसर ने माल्टा गणराज्य में भारत की उच्चायुक्त सुश्री रचित भंडारी से भेंट की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में भारतीय नौसेना की भूमिका पर चर्चा हुई। उच्चायुक्त ने कहा कि माल्टा में भा.नौ.पो. सुदर्शिनी की उपस्थिति महा-सागर (एम.ए.एच.ए.एस.ए.जी.ए.आर.) की दृष्टि का सशक्त प्रतीक है, जो समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के बीच संपर्क को भी प्रोत्साहित करती है।
यात्रा के दौरान पोत का दल माल्टा के सशस्त्र बलों के साथ पेशेवर संवाद और शिष्टाचार भेंट करेगा, जिससे आपसी विश्वास और तालमेल को और बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा पोत पर सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्कूल के बच्चों और माल्टा में बसे भारतीय समुदाय के लिए मार्गदर्शित “ओपन शिप” शामिल होगा। भा.नौ.पो. सुदर्शिनी इस समय अपनी यात्रा के दूसरे महीने में है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को कोच्चि से हुई थी। माल्टा यात्रा के बाद पोत फ्रांस के तट की ओर प्रस्थान करेगा, जहाँ वह एस्केल आ सेते समुद्री उत्सव में भाग लेगा और दुनिया के प्रमुख टॉल शिप्स के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।