एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट (ए.एस.डब्ल्यू.-एस.डब्ल्यू.सी.) परियोजना का चौथा पोत भा.नौ.पो. अंजदीप 27 फरवरी 2026 को चेन्नई पोर्ट में आयोजित आधिकारिक समारोह में भारतीय नौसेना में औपचारिक रूप से सेवा में शामिल हुआ। नौसेना प्रमुख एडम दिनेश के. त्रिपाठी ने समारोह की अध्यक्षता की। पूर्वी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने यह समारोह आयोजित किया। इसमें वरिष्ठ नौसेना अधिकारी, पुरानी भा.नौ.पो. अंजदीप के पूर्व कमांडिंग ऑफिसर, कोलकाता के गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जी.आर.एस.ई.) व कट्टुपल्ली के लार्सन एंड टूब्रो शिपबिल्डिंग के प्रतिनिधि सहित अन्य विशिष्ट नागरिक अतिथि शामिल हुए।
अपने संबोधन में नौसेना प्रमुख ने जहाज के सेवा में शामिल होने के रणनीतिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने जहाज निर्माताओं के समर्पण सहयोग तथा चालक दल की निष्ठा की सराहना की जिन्होंने जहाज को समय पर सेवा में शामिल कराया। करवार तट के निकट ऐतिहासिक द्वीप अंजदीप के नाम पर रखा गया भा.नौ.पो. अंजदीप लिटोरल क्षेत्र के उथले जल में एंटी-सबमरीन वारफेयर हेतु डिजाइन की गई युद्धपोत श्रृंखला में नवीनतम है। 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री वाला यह पोत युद्धपोत डिजाइन व रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स में भारत की आत्मनिर्भरता दर्शाता है। इसमें प्रमुख स्वदेशी प्रणालियाँ एकीकृत हैं।
‘डॉल्फिन हंटर’ के रूप में 77 मीटर लंबा 1400 टन का यह पोत तटीय वातावरण में तीव्र प्रतिक्रिया व निरंतर संचालन हेतु कॉन्फ़िगर है। आधुनिक ए.एस.डब्ल्यू. सूट व अत्याधुनिक एकीकृत कॉम्बैट मैनेजमेंट सिस्टम से लैस जहाज अवगहित खतरों का पता लगाने ट्रैक करने व निष्क्रिय करने में सक्षम बनाता है। पूर्ववर्ती भा.नौ.पो. अर्नाला व अंधरोथ के बाद भा.नौ.पो. अंजदीप का सेवा में शामिल होना भारतीय नौसेना की सेना स्तर वृद्धि व क्षमता वर्धन की नियोजित दिशा में प्रमुख मील का पत्थर है। यह भारत के समुद्री व्यापार मार्गों व तटीय अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। तमिलनाडु एवं पुदुच्चेरी नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के परिचालन व प्रशासनिक नियंत्रण में रखा गया जहाज राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा करेगा।