विशाखापत्तनम में अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा (आई.एफ.आर.) 2026 के हिस्से के रूप में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड (आई.सी.पी.) में जनता ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की। यह एक प्रमुख जागरूकता पहल साबित हुई जो परिचालन क्षमता, समारोहिक प्रदर्शन तथा सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के सहज एकीकरण से भारत के समुद्री मूल्यों को प्रतिबिंबित करती है. आंध्र प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री एस अब्दुल नजीर ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को शोभायमान किया। नौसेना स्टाफ प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने इसका आयोजन किया. राज्य मंत्रियों, वरिष्ठ केंद्रीय एवं राज्य सरकार अधिकारियों, पूर्व आई.एन. प्रमुखों, भाग लेने वाले मित्र राष्ट्रों के नौसेना प्रमुखों तथा प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों, भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में दर्शकों ने भी इसमें भाग लिया.
भारतीय नौसेना, भारतीय सेना, भारतीय वायुसेना तथा भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारियों एवं कर्मियों वाली मार्चिंग टुकड़ियों के साथ भाग लेने वाली विदेशी नौसेनाओं, समुद्र कैडेट कोर, राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा राज्य पुलिस की टुकड़ियों ने परेड का केंद्रीय आकर्षण बनाया। समारोहिक वर्दी में सुसज्जित ये मार्चिंग एवं सांस्कृतिक टुकड़ियाँ विश्व भर की नौसेनाओं की साझा समुद्री परंपराओं, अनुशासन तथा पेशेवर सौहार्द को प्रतिबिंबित करती हैं जो एकता एवं सहयोग का प्रतीक हैं. अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड की भव्यता में नौसेना वायु इकाई को कार्यवाही का हिस्सा बनाकर वृद्धि की गई। यह भारतीय नौसेना की एकीकृत एवं बहु-क्षेत्रीय क्षमताओं को दर्शाता है. नौसेना उड्डयन तत्वों की भागीदारी ने समुद्र एवं वायु अभियानों के बीच सहज समन्वय को रेखांकित किया तथा जनता को नौसेना की पहुंच, बहुमुखी प्रतिभा तथा समुद्री हितों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का दर्शन कराया.
परिचालन एवं समारोहिक प्रदर्शनों के बाद नौसेना स्टाफ प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने समागम को संबोधित किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड के महत्व को ‘भारतीय नौसेना, भाग लेने वाली विदेशी नौसेनाओं तथा नागरिकों के बीच अद्वितीय इंटरफेस’ के रूप में रेखांकित किया. समुद्री सहयोग के स्थायी मूल्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ‘अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड समुद्र में अंतरराष्ट्रीय सौहार्द की भावना को प्रतिबिंबित करता है तथा सहयोग, विश्वास तथा सामूहिक समुद्री सुरक्षा के प्रति नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को बल देता है।’ उन्होंने आगे उल्लेख किया कि ऐसे आयोजन पेशेवर बंधनों को मजबूत करके तथा भाग लेने वाले राष्ट्रों के बीच पारस्परिक समझ को बढ़ाकर परिचालन अंतर्क्रियाओं के पूरक बनते हैं. अपने संबोधन में आंध्र प्रदेश के माननीय राज्यपाल ने विशाखापत्तनम को एक प्रमुख समुद्री केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि ‘अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड न केवल भारत की समुद्री शक्ति एवं पेशेवरता को प्रदर्शित करता है बल्कि आंध्र प्रदेश की समुद्री एवं रक्षा पारिस्थितिकी में बढ़ती प्रमुखता को भी प्रतिबिंबित करता है।’ उन्होंने ऐसे वैश्विक आयोजनों के अंतरराष्ट्रीय सद्भावना को बढ़ावा देने तथा इंडो-प्रशांत क्षेत्र में भारत के समुद्री दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने वाले सकारात्मक प्रभाव को भी रेखांकित किया.अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड का समापन लंगर डाले पोतों के प्रकाशमय प्रदर्शन के साथ हुआ। उसके बाद लेजर एवं ड्रोन शो तथा आतिशबाजी ने दृश्यात्मक रूप से प्रभावशाली समापन प्रदान किया. जलतट एवं परेड मार्गों पर समारोह के दौरान बड़ी जनभाड़ लगी। अंतरराष्ट्रीय सिटी परेड का सफल निर्वाह सूक्ष्म नियोजन, प्रभावी अंतर-एजेंसी समन्वय तथा मजबूत जन सहयोग को प्रतिबिंबित करता है। नागरिक प्रशासन ने भारतीय नौसेना के निकट समन्वय में व्यापक प्रशासनिक, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन व्यवस्थाओं को लागू किया जिससे समारोह का सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हुआ.