भारतीय नौसेना के नौकायन प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने 05 फरवरी 2026 को ओमान के सलालाह में अपनी पहली पोर्ट कॉल सफलतापूर्वक पूरी की। यह यात्रा पोत के दस माह लंबे महासागरीय अभियान ‘लोकयान 26’ का एक प्रमुख चरण रही, जिसका उद्देश्य विश्वभर में भारत की समृद्ध समुद्री विरासत और “वसुधैव कुटुम्बकम” (संपूर्ण विश्व एक परिवार है) की भावना का प्रसार करना है। भ्रमण के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने रॉयल नेवी ऑफ ओमान (आर.एन.ओ.) के साउदर्न नेवल एरिया कमांडर कैप्टन मोहम्मद अल घैलानी और आर.एन.ओ. पोत अल मुआज़र के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मोहम्मद अल महरी से मुलाकात की। इन वार्ताओं में भारत और ओमान के ऐतिहासिक समुद्री संबंधों को रेखांकित किया गया और दोनों नौसेनाओं के बीच मित्रता के सेतु को और मज़बूती मिली। पेशेवर सहयोग को आगे बढ़ाते हुए, पोत ने रॉयल नेवी ऑफ ओमान के अधिकारियों के लिए एक मार्गदर्शित भ्रमण का आयोजन भी किया।
जनसंपर्क के इस उत्साहपूर्ण प्रदर्शन में नौकायन प्रशिक्षण पोत आम जनता के लिए खुला रहा। 600 से अधिक आगंतुकों, जिनमें स्कूल के बच्चे भी शामिल थे, ने इस तीन मस्तूल वाले बार्क पोत को देखा और महासागरीय नौकायन की बारीकियाँ समझीं। भा.नौ.पो. सुदर्शिनी अब ‘लोकयान 26’ की अपनी अगली चरण यात्रा पर रवाना हो रही है, जो महासागरों के पार भारत की अमर समुद्री परंपरा को आगे बढ़ा रही है। अपने तने हुए पालों और ऊँचे उत्साह के साथ यह यात्रा समुद्री उत्कृष्टता, मित्रता और सद्भाव का प्रतीक बनी हुई है।