दक्षिण-पूर्व एशिया में जारी प्रशिक्षण तैनाती के तहत भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वॉड्रन (1टी.एस.) के पोत — भा.नौ.पो. तीर, भा.नौ.पो. शार्दूल, भा.नौ.पो. सुजाता — तथा तटरक्षक पोत सारथि 25 जनवरी 2026 को थाईलैंड के फुकेत डीप सी पोर्ट पहुंचे। रॉयल थाई नेवी (आर.टी.एन.) ने इन पोतों का औपचारिक परेड और आर.टी.एन. बैंड की धुनों के बीच हार्दिक स्वागत किया। यह यात्रा भारत और थाईलैंड के बीच प्रगाढ़ होते समुद्री सहयोग का प्रतीक है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा, स्थिरता और आपसी समझ के साझा संकल्प पर आधारित है। यह पोर्ट कॉल इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि वर्ष 2026 को आसियान–भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
दौरे के दौरान भारतीय नौसेना और आर.टी.एन. के अधिकारी एवं कर्मी सहयोग और परिचालन तालमेल को मजबूत करने के उद्देश्य से कई व्यावसायिक और प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रमों में आर.टी.एन. के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें, व्यावसायिक संवाद, योग सत्र, मैत्रीपूर्ण खेल मुकाबले और पैसेज एक्सरसाइज़ (पासेक्स) शामिल हैं। भारतीय नौसेना और आर.टी.एन. के बीच लंबे समय से घनिष्ठ, मैत्रीपूर्ण और लगातार विकसित होते द्विपक्षीय संबंध हैं, जो नियमित संवाद और संयुक्त अभ्यासों से और सुदृढ़ हुए हैं। “एक्स आयुत्थाया” तथा भारत–थाईलैंड संयोजित गश्त (कोरपैट) जैसी पहलें साझा समुद्री क्षेत्रों में समन्वय को और प्रगाढ़ कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, गत वर्ष आयोजित त्रिपक्षीय अभ्यास “सिटमेक्स” से क्षेत्रीय नौसेनाओं, जिनमें आर.टी.एन. भी शामिल है, के बीच पारस्परिक समझ और व्यावसायिक सहयोग के स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। भारतीय नौसेना, फरवरी 2026 में थाईलैंड से आई.ओ.एन.एस. (Indian Ocean Naval Symposium) की अध्यक्षता ग्रहण करते हुए, आर.टी.एन. के उत्कृष्ट नेतृत्व को आगे बढ़ाने की अपेक्षा रखती है। थाईलैंड का यह दौरा भारत सरकार की “महासागर” (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) की दृष्टि के अनुरूप है और भारतीय नौसेना की क्षेत्रीय साझेदारों के साथ रचनात्मक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यह तैनाती भारत की एक जिम्मेदार समुद्री साझेदार के रूप में भूमिका तथा हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और सहयोग को सुदृढ़ करने के उसके सतत प्रयासों को उजागर करती है।