लोकायन 26 – दस माह की ट्रांसओशियनिक अभियान यात्रा का शुभारंभ दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि से भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने भारत की समुद्री विरासत प्रदर्शित करते हुए ऐतिहासिक वैश्विक यात्रा प्रारंभ की ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना और ‘महासागर’ के दृष्टिकोण के साथ महासागरों के पार सहयोग व विश्वास के सेतु निर्माण की पहल वाइस एडमिरल समीर सक्सेना, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिणी नौसेना कमान ने 20 जनवरी 2026 को कोच्चि स्थित नौसैनिक अड्डे से भा.नौ.पो. सुदर्शिनी को रवाना किया, जिससे ‘लोकायन 26’ — एक लंबी दूरी की नौकायन अभियान — की शुरुआत हुई। यह ऐतिहासिक यात्रा भारत की समुद्री आकांक्षाओं का सशक्त प्रतीक है, जो वैश्विक समुद्री गतिविधियों में देश की अग्रणी भूमिका और महासागरीय नौकायन अभियानों में भारतीय नौसेना के पेशेवर प्रशिक्षण और उत्कृष्टता को उजागर करती है।
फ़्लैग ऑफ समारोह में वरिष्ठ अधिकारी, नौसैनिक समुदाय के सदस्य, विद्यालय के छात्र, पोत के क्रू के परिजन और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे। इस अवसर पर दक्षिणी क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ ने ‘लोकायन 26’ का स्मारक पट्ट अनावृत किया। क्रू से बातचीत करते हुए उन्होंने पोत की भूमिका को भारत के “एम्बेसडर-एट-लार्ज” के रूप में रेखांकित किया और कहा कि यह यात्रा महासागरों और सीमाओं को पार करते हुए दुनिया भर में “मित्रता के सेतु” स्थापित करेगी। पारंपरिक विदाई समारोह में तीन-मास्ट वाली इस बार्क ने नौसैनिक बैंड की प्रेरक धुनों के बीच अपने पाल फैलाए। दस माह की इस यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी लगभग 22,000 नौटिकल मील की दूरी तय करेगी और 13 देशों के 18 पोर्टों का भ्रमण करेगी। इस यात्रा की प्रमुख विशेषताओं में से एक फ्रांस के ‘एस्काल आ सेते’ कार्यक्रम में इस पोत की भागीदारी होगी। यूरोप के प्रमुख समुद्री उत्सवों में से एक में मार्च–अप्रैल 2026 के दौरान पहली बार भाग लेते हुए भा.नौ.पो. सुदर्शिनी भूमध्य सागर में प्रसिद्ध ‘टॉल शिप्स’ के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके अलावा, जुलाई 2026 में अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह पोत न्यूयॉर्क में आयोजित ‘सेल 250’ नामक भव्य अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक परेड में शामिल होगा।
गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा स्वदेशी रूप से निर्मित भा.नौ.पो. सुदर्शिनी भारतीय नौसेना का 54 मीटर लंबा सेल ट्रेनिंग पोत है, जिसमें 20 पाल लगे हैं जो 1,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र को आवृत्त करते हैं। यह पोत समुद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नौसैनिकों और अधिकारी कैडेटों के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है, जहाँ वे वायु और लहरों के साथ तालमेल बिठाकर नौवहन और समुद्री कौशल की कालजयी कला सीखते हैं। भा.नौ.पो. सुदर्शिनी प्राचीन व्यापार मार्गों और आधुनिक समुद्री मार्गों पर नौकायन करते हुए ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को आगे बढ़ा रही है और ‘महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) की दृष्टि को साकार कर रही है।