Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ

भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ
भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन सिंगापुर से रवाना हुआ

भारतीय नौसेना का प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टी.एस.) 18 जनवरी 2026 को सिंगापुर से रवाना हुआ, जो इसकी तीन दिवसीय पोर्ट कॉल के सफल समापन का प्रतीक है। यह पोर्ट कॉल चल रही प्रशिक्षण तैनाती का हिस्सा था। इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग के तहत कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें व्यावसायिक संवाद, प्रशिक्षण सहभागिता, खेलकूद प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक संपर्क शामिल थे। व्यावसायिक संवाद के अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारी 1टी.एस. कैप्टन टिजो के. जोसेफ, भा.नौ.पो. शार्दूल, भा.नौ.पो. सुजाता और आई.सी.जी.एस. सारथी के कमांडिंग अधिकारियों के साथ मेरिटाइम ट्रेनिंग एंड डॉक्ट्रिन कमांड (एम.टी.डी.सी.) के कार्यवाहक कमांडर कर्नल टे चुंग हर्न से शिष्टाचार भेंट पर गए। इस अवसर पर भारत और सिंगापुर के बीच छह दशकों से अधिक पुराने साझेदारी संबंधों पर चर्चा हुई तथा निरंतर सैन्य सहयोग और साझा समुद्री सुरक्षा हितों पर बल दिया गया। श्रद्धांजलि स्वरूप क्रान्जी वॉर मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित किया गया, जहाँ 1टी.एस. पोतों के कमांडिंग अधिकारियों ने वीर सैनिकों को नमन किया।

भा.नौ.पो. तीर और आई.सी.जी.एस. सारथी पर भारत के सिंगापुर में उच्चायुक्त महामहिम डॉ. शिल्पक अंबुले और वरिष्ठ अधिकारी 1टी.एस. के संयुक्त आतिथ्य में एक डेक रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस समारोह में रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर नेवी (आर.एस.एन.) के वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, भारतीय समुदाय के सदस्य और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कर्नल टे चुंग हर्न ने भारतीय नौसेना और आर.एस.एन. के बीच सुदृढ़ होती साझेदारी की प्रशंसा की, जो नियमित द्विपक्षीय अभ्यासों और संवादों के माध्यम से विकसित हुई है, साथ ही सिंगापुर की रक्षा सहयोग को और प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराया। सांस्कृतिक कार्यक्रम इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें भारतीय नौसेना बैंड ने ‘आवर टैम्पाइन्स मॉल’ और ‘जी.आई.आई.एस. ऑडिटोरियम’ में मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। खेलकूद कार्यक्रमों के अंतर्गत भारतीय नौसेना और आर.एस.एन. प्रशिक्षुओं के बीच एक मैत्रीपूर्ण डॉजबॉल मैच आयोजित किया गया।

व्यावसायिक प्रशिक्षण आदान–प्रदान के अंतर्गत 1टी.एस. के प्रशिक्षुओं को डी.सी. सिम्युलेटर में ‘डैमेज कंट्रोल’ (डी.सी.) प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा आर.एस.एन. संग्रहालय का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें सिंगापुर नौसेना के इतिहास और विकास की विस्तृत जानकारी दी गई। पोतों को आगंतुकों के लिए भी खोला गया, जिनमें इंटरनेशनल फ्यूजन सेंटर (आई.एफ.सी.) सिंगापुर के अंतरराष्ट्रीय संपर्क अधिकारी (आई.एल.ओ.), भारतीय उच्चायोग के अधिकारी, अतिथि और उनके परिवारजन शामिल थे। आगंतुकों को प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन की भावी नौसैनिक नेतृत्व तैयार करने में निभाई जाने वाली भूमिका से अवगत कराया गया। स्क्वाड्रन ने सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक जुड़ाव के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए समाजसेवी गतिविधियों में भी भाग लिया। इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने ‘श्री नारायण ओल्ड एज होम एंड नर्सरी’ के निवासियों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। सिंगापुर की यह तैनाती भारत और सिंगापुर के गहरे व ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है तथा ‘महासागर’ (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) दृष्टिकोण के अनुरूप है। यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ को और सशक्त बनाती है, जिससे उसका समुद्री सम्पर्क दक्षिण एशिया से आगे बढ़कर हिंद महासागर और दक्षिणपूर्व एशियाई क्षेत्र तक विस्तारित होता है, और मित्रता, प्रशिक्षण आदान–प्रदान तथा सुरक्षित और सहयोगपूर्ण समुद्री वातावरण के प्रति भारतीय नौसेना की दृढ़ प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करती है।