भारतीय नौसेना की प्रमुख नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगोष्ठी स्वावलंबन 2026 के पांचवें संस्करण के लिए अध्याय का आरंभ प्रेस कॉन्फ्रेंस नौसेना उप प्रमुख (वी.सी.एन.एस.) वाइस एडमिरल अजय कोचर की अध्यक्षता में 19 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित की गई।
वार्षिक एन.आई.आई.ओ. संगोष्ठी स्वावलंबन का आयोजन 26 और 27 अक्टूबर 2026 को मानेकशॉ सेंटर, नई दिल्ली में किया जाना निर्धारित है। स्वावलंबन 2026 स्वदेशी तकनीकी नवाचार को परिचालन क्षमताओं में बदलने और आत्मनिर्भरता की नींव को मजबूत करने के भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों को आगे बढ़ाएगी। यह संगोष्ठी उभरती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के लिए सहयोगात्मक समाधान तलाशने हेतु नवप्रवर्तकों, उद्योग भागीदारों, स्टार्ट-अप, एम.एस.एम.ई., शिक्षा जगत, निवेशकों और रक्षा बलों को एक साथ लाएगी।
मीडिया को संबोधित करते हुए नौसेना उप प्रमुख ने कहा कि 2022 से स्वावलंबन के विकास ने भारतीय नौसेना की परिचालन आवश्यकताओं को भारतीय उद्योग और शिक्षा जगत की तकनीकी क्षमताओं से जोड़ा है। आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप पर जोर देते हुए नौसेना उप प्रमुख ने विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को समुद्र में तैनात की जा सकने वाली प्रणालियों के रूप में विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया। लंबी दूरियों तक संचालन करने वाली और लंबी अवधि की तैनाती करने वाली नौसेना के लिए उन्होंने युद्ध तत्परता, परिचालन लचीलेपन और निरंतर क्षमता संवर्धन हेतु टिकाऊ स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के महत्व पर प्रकाश डाला।
स्वावलंबन 2026 की प्रदर्शनी में विषयगत क्षेत्र शामिल होंगे, जिनमें सफलता की कहानियों के रूप में उभरे स्वदेशी नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा और समुद्री निगरानी, काउंटर-यू.ए.एस., आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम, एन.बी.सी.डी., सुरक्षा और दक्षता संवर्धकों के क्षेत्र में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को शामिल किया जाएगा। वेंचर कैपिटलिस्टों और निवेशकों के साथ संवाद संगोष्ठी का एक प्रमुख घटक होगा, जिससे वित्तपोषण के अवसरों, संभावनाशील उद्यमों के विस्तार और स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के व्यावसायीकरण पर चर्चा को बढ़ावा मिलेगा।
इस वर्ष की संगोष्ठी भविष्य की और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विचार-विमर्श के लिए एक गतिशील मंच प्रदान करेगी, जिनमें नौसेना संचालन को बेहतर बनाने और भारत की समुद्री क्षमताओं को मजबूत करने की परिवर्तनकारी क्षमता है। एस.एम.ई. के साथ पैनल आत्मनिर्भरता तथा सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण, शैक्षणिक उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्टार्ट-अप की यात्राओं को उजागर करने के लिए आई.डी.ई.एक्स. इकोसिस्टम को मजबूत करने पर सत्र आयोजित करेगा।
स्वावलंबन 2026 में स्वावलंबन 5.0 दस्तावेज़, प्रौद्योगिकी अनिवार्यताओं पर संग्रह और नौसेना एकीकृत प्रणालियाँ, ईथरनेट एवं सामरिक उपयोग (एन.ए.यू.एस.ई.टी.यू.) इंटरफेस मानकों का विमोचन भी किया जाएगा।
यह समारोह तकनीकी लक्ष्यों को आधुनिक युद्ध की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप ढालते हुए भविष्य के लिए तैयार बल हेतु नवाचार इकोसिस्टम के साथ भारतीय नौसेना के सहयोग को मजबूत करने का प्रयास करता है।