भारतीय नौसेना के जहाज भा. नौ. पो. त्रिशूल ने भूमध्य सागर में अपनी जारी तैनाती के अंतर्गत 03 नवंबर 2026 को सौदा बे, ग्रीस में अपना बंदरगाह प्रवास सम्पन्न किया। इस यात्रा के दौरान पेशेवर संवाद, परिचालन संबंधी चर्चाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीय नौसेना और हेलेनिक नौसेना के बीच समुद्री सहयोग को और सुदृढ़ करने का अवसर प्राप्त हुआ।
बंदरगाह प्रवास के दौरान भा. नौ. पो. त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने हेलेनिक नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ NATO Maritime Interdiction Operational Training Centre (NMIOTC) और US Naval Support Activity (NSA), सौदा बे के प्रमुखों से मुलाकात की। इन संवादों के दौरान परिचालन संबंधी लॉजिस्टिक्स आवश्यकताओं, सहयोग तथा साझेदार नौसेनाओं के बीच पारस्परिक सहायता के विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही, साझा हितों के विभिन्न क्षेत्रों पर विचारों का आदान-प्रदान करने तथा परिचालन सहयोग को सुगम बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
भारतीय और हेलेनिक नौसेना के कार्मिकों के बीच पेशेवर गतिविधियों के अंतर्गत एक-दूसरे के जहाजों का दौरा तथा आपसी संवाद आयोजित किए गए। हेलेनिक नौसेना के कार्मिकों ने भी भा. नौ. पो. त्रिशूल का दौरा किया तथा जहाज पर भ्रमण के माध्यम से इसकी क्षमताओं और कार्यप्रणाली से परिचित हुए। इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के कार्मिकों को एक-दूसरे की पेशेवर कार्यप्रणालियों को समझने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
ग्रीस में भारत के राजदूत महामहिम श्री रवि शंकर ने भी जहाज का दौरा किया। इस दौरान उन्हें भा. नौ. पो. त्रिशूल की युद्धक क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई तथा उन्होंने जहाज के चालक दल के साथ संवाद किया। जहाज पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रीस में भारत के राजदूत, मेजर जनरल एन. दिमित्राकोस, कमांडर, NATO Missile Firing Installation, हेलेनिक एवं अमेरिकी नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम ने राजनयिक प्रतिनिधियों, नौसेना कर्मियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के बीच आपसी संवाद का अवसर प्रदान किया।
सौदा बे से प्रस्थान के दौरान भा. नौ. पो. त्रिशूल ने हेलेनिक नौसेना के जहाज HS Limnos (F451) के साथ पैसेज एक्सरसाइज (PASSEX) आयोजित की। इस अभ्यास में समुद्र में समन्वित गतिविधियों की एक श्रृंखला शामिल थी, जिसमें युद्धाभ्यास, समुद्र में रसद पुनःपूर्ति हेतु अप्रोच ड्रिल, जहाज के अभिन्न हेलीकॉप्टर द्वारा क्रॉस-डेक लैंडिंग तथा संचार प्रक्रिया संबंधी अभ्यास शामिल थे। PASSEX के माध्यम से दोनों नौसेनाओं को समुद्र में समन्वित गतिविधियां संचालित करने तथा पेशेवर विशेषज्ञता और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला। इससे परिचालन सहयोग और अंतर-संचालनीयता को और बढ़ावा मिला।
भा. नौ. पो. त्रिशूल का यह बंदरगाह प्रवास भारतीय और हेलेनिक नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग, पेशेवर संबंधों तथा द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है। यात्रा के सफल समापन के पश्चात भा. नौ. पो. त्रिशूल अपनी तैनाती के अगले चरण के लिए रवाना हो गया है।