भारतीय नौसेना का जहाज भा. नौ. पो. सूरत 08 नवंबर 2026 को ओमान के मस्कट पहुंचा। जहाज भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी ऑफ ओमान के बीच आयोजित होने वाले द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ (समुद्री बयार) के 15वें संस्करण में भाग लेगा। इसके पश्चात दोनों नौसेनाओं के बीच समन्वित गश्त (CORPAT) आयोजित की जाएगी।
इस अभ्यास में हार्बर और समुद्री चरणों के दौरान विभिन्न पेशेवर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, परिचालन संबंधी संवाद तथा खेल गतिविधियां शामिल होंगी। इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के कार्मिकों को अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने, अंतर-संचालनीयता बढ़ाने तथा आपसी समझ को और सुदृढ़ करने का अवसर मिलेगा।
यह बंदरगाह प्रवास भारत और ओमान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर आधारित मजबूत एवं स्थायी समुद्री साझेदारी को रेखांकित करता है। यह भारत सरकार की ‘महासागर’ (MAHASAGAR – Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) की परिकल्पना के अनुरूप है। साथ ही, यह 24 नवंबर 2025 को आयोजित संयुक्त सैन्य सहयोग समिति (Joint Military Cooperation Committee) की 13वीं बैठक के दौरान बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करता है।