नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगोष्ठी का पाँचवाँ संस्करण 26–27 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होगा
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह 26 अक्टूबर को नई दिल्ली में स्वावलंबन 2026 के पूर्ण सत्र की शोभा बढ़ाएँगे
भारतीय नौसेना की प्रमुख नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगोष्ठी, स्वावलंबन 2026 का पाँचवाँ संस्करण ‘नवाचार एवं स्वदेशीकरण से सशक्तिकरण’ विषय के अंतर्गत 26–27 अक्टूबर 2026 को मानेकशॉ सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह संगोष्ठी स्वदेशी तकनीकी नवाचार को आगे बढ़ाने और भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के लिए सशस्त्र बलों, उद्योग, स्टार्ट-अप, एम.एस.एम.ई., शिक्षा जगत और निवेशकों को एक साथ लाएगी।
वर्ष 2022 में अपनी शुरुआत के बाद से स्वावलंबन एक राष्ट्रीय मंच के रूप में विकसित हुआ है, जो भारतीय नौसेना की परिचालन आवश्यकताओं को भारतीय उद्योग और शिक्षा जगत की तकनीकी क्षमताओं से जोड़ता है। इस पहल का उद्देश्य स्वदेशी नवाचार से तैनाती योग्य परिचालन क्षमताओं तक की यात्रा को गति देना, समुद्री तैयारियों को सुदृढ़ करना और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है।
(https://www.pib.gov.in/Pressreleaseshare.aspx?PRID=1842970)
एक विषयगत प्रदर्शनी में समुद्री निगरानी, काउंटर यू.ए.एस., कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्वांटम प्रौद्योगिकियाँ, एन.बी.सी.डी. और सुरक्षा, तथा दक्षता संवर्धक जैसे क्षेत्रों में स्वदेशी नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा, साथ ही उन सफलता की कहानियों को भी दर्शाया जाएगा जो विचार से साकार रूप तक उत्पादों की प्रगति को दर्शाती हैं।
संगोष्ठी में क्वांटम प्रौद्योगिकियों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वायत्त प्रणालियों और हाइपरसोनिक प्रौद्योगिकियों सहित भविष्य की और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विचार-विमर्श होगा, जिसमें भविष्य के युद्ध और नौसैनिक अभियानों में उनके संभावित अनुप्रयोगों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। समर्पित सत्रों में आत्मनिर्भरता और आई-डेक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने, सुदृढ़ घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण, शैक्षणिक उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्टार्ट-अप को आशाजनक स्वदेशी प्रौद्योगिकियों का विस्तार करने में सक्षम बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। निवेशकों और वेंचर कैपिटलिस्टों के साथ संवाद आशाजनक रक्षा उद्यमों के लिए वित्तपोषण, विस्तार और व्यावसायीकरण के मार्ग तलाशने के अवसर प्रदान करेगा।
26 अक्टूबर 2026 को संगोष्ठी के पूर्ण सत्र की शोभा माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में बढ़ाएँगे। इस सत्र में रक्षा नवाचार और स्वदेशीकरण में उनके योगदान के सम्मान में रक्षा मंत्री द्वारा उद्योग भागीदारों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर स्वावलंबन 5.0 दस्तावेज़ और प्रौद्योगिकी अनिवार्यताओं पर संग्रह का विमोचन भी किया जाएगा, जो भारतीय नौसेना की तकनीकी प्राथमिकताओं, परिचालन आवश्यकताओं और स्वदेशी विकास के अवसरों पर केंद्रित सहभागिता के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ के रूप में काम करेंगे।
इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय नौसेना द्वारा रक्षा नवाचार संगठन (डी.आई.ओ.) और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एस.आई.डी.एम.) के सहयोग से किया जा रहा है।