दस महीने के अंतरमहासागरीय नौकायन अभियान लोकायन 26 के सफल समापन पर 02 नवंबर 2026 को कोच्चि लौटे भा.नौ.पो. सुदर्शिनी का भारतीय नौसेना ने औपचारिक स्वागत किया। घर वापसी के अवसर पर वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया और नौसेना बैंड द्वारा औपचारिक स्वागत किया गया, जबकि गौरवान्वित परिजन महासागरों में 22,000 समुद्री मील से अधिक की असाधारण यात्रा के बाद कर्मीदल का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए।
फ्लैग-इन समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना द्वारा की गई। इस अवसर पर बोलते हुए फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ, दक्षिण ने पोत के कर्मीदल की अनुकरणीय दृढ़ता, व्यावसायिकता, लचीलेपन और कर्तव्य के प्रति समर्पण की सराहना की, जिसने राष्ट्र और भारतीय नौसेना का गौरव बढ़ाया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस दुर्लभ उपलब्धि का सफल समापन भारतीय नौसेना के पाल प्रशिक्षण, नौकायन कौशल और परिचालन तैयारी के उच्च मानकों को दर्शाता है, साथ ही भारत की समुद्री विरासत और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करता है।
लोकायन 26 को 20 जनवरी 2026 को कोच्चि से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। यह ऐतिहासिक यात्रा एशिया, यूरोप, अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका में फैले 11 देशों में 17 अलग-अलग पोर्ट कॉल की साक्षी बनी। इस तैनाती में दो अटलांटिक-पार यात्राएँ और विविध समुद्री वातावरणों से होकर व्यापक नौकायन यात्राएँ शामिल थीं, जिनसे लंबी दूरी के महासागरीय नौकायन की चुनौतियों का अमूल्य अनुभव मिला https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2216522।
इस तैनाती की प्रमुख विशेषताओं में पोत की फ्रांस में एस्काल आ सेत समुद्री विरासत महोत्सव तथा संयुक्त राज्य अमेरिका में स्मारक समारोहों के अंतर्गत सेल 250 और अंतरराष्ट्रीय नौसेना समीक्षा में भागीदारी शामिल थी। चुनौतीपूर्ण मौसम और समुद्री परिस्थितियों के बीच 18 दिनों में 2,200 समुद्री मील की दूरी तय करने वाली अटलांटिक-पार यात्रा पूरी तरह पाल के सहारे तय की गई सबसे लंबी दूरी रही। इस उपलब्धि ने कर्मीदल के नौकायन कौशल, सहनशक्ति, समन्वित टीम वर्क और कठिन महासागरीय परिस्थितियों में नौवहन की क्षमता को रेखांकित किया।
(https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2246112) (https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2289604 )
लोकायन 26 ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहभागिता के लिए भी एक व्यापक मंच प्रदान किया। रॉयल मोरक्कन नौसेना, पुर्तगाली नौसेना, इतालवी नौसेना, मिस्र की नौसेना और स्पेनिश नौसेना के साथ पेशेवर संवाद, प्रशिक्षण आदान-प्रदान और क्रॉस-ट्रेनिंग गतिविधियाँ इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल थीं। इन गतिविधियों ने समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाया और संबंधित समुद्री बलों एवं नौसेनाओं के साथ मित्रता के सेतु बनाए। विभिन्न पोर्ट कॉल, पोत पर आयोजित दौरों और भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद के माध्यम से भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने भारत की समुद्री विरासत और सद्भावना के प्रमुख राजदूत की भूमिका निभाई। यह तैनाती भारत के समुद्री दृष्टिकोण महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) और वसुधैव कुटुम्बकम् – विश्व एक परिवार है के सभ्यतागत लोकाचार को दर्शाती है।
राजनयिक आउटरीच के अतिरिक्त यह तैनाती पाल प्रशिक्षण के अपने मूल उद्देश्य पर केंद्रित रही। पोत ने युवा अधिकारी प्रशिक्षुओं को महासागरीय नौवहन, वॉचकीपिंग, पाल संचालन, रिगिंग, मौसम संबंधी आकलन और पोत पर संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।
लोकायन 26 का सफल समापन भारत की समुद्री आउटरीच और वैश्विक सहभागिता पहलों में एक निर्णायक मील का पत्थर है, जो पेशेवर प्रशिक्षण और महासागरीय नौकायन में उत्कृष्टता के प्रति भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करता है।