48 घंटे से अधिक समय तक चले एक त्वरित और सुसमन्वित अभियान में भारतीय नौसेना ने मत्स्यन पोत अज़ीनी को सशस्त्र समुद्री डाकुओं से सफलतापूर्वक मुक्त कराया। अभियान का समापन सभी 20 कर्मीदल सदस्यों के सुरक्षित बचाव के साथ हुआ, जिसमें कोई हताहत या घायल नहीं हुआ।
मत्स्यन पोत अज़ीनी के पिछले महीने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट पर एक सशस्त्र समुद्री डाकू समूह द्वारा अपहृत किए जाने की सूचना मिली थी। यह अपहरण एक महत्वपूर्ण समुद्री सुरक्षा खतरा था, क्योंकि इस पोत का उपयोग क्षेत्र में व्यापारिक नौवहन पर आगे के समुद्री डकैती हमलों के लिए ‘मदर शिप’ के रूप में किए जाने की संभावना थी।
स्थिति से निपटने के लिए भारतीय नौसेना ने एक समुद्री टोही विमान की सहायता से मिशन पर तैनात एक युद्धपोत को हस्तक्षेप करने का कार्य सौंपा। निकट समन्वय में कार्य करते हुए इन प्लेटफार्मों ने लगातार निगरानी के बाद पोत का पता लगाया, उसकी गतिविधियों पर नज़र रखी और उसकी आवाजाही को सीमित करने तथा उसे भागने से रोकने के लिए संतुलित गैर-गतिज उपाय अपनाए।
भारतीय वायु सेना (आई.ए.एफ.) के सी-17 विमान द्वारा सटीक एयरड्रॉप के माध्यम से मरीन कमांडो की संख्या बढ़ाई गई।
त्वरित और सुसमन्वित सामरिक हस्तक्षेप करते हुए भारतीय नौसेना ने पोत को सुरक्षित किया, समुद्री डाकुओं के खतरे पर काबू पाया और सभी 20 कर्मीदल सदस्यों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की।
यह सफल अभियान भारतीय नौसेना की उच्च परिचालन तैयारी और निर्बाध अंतर-सेवा समन्वय के माध्यम से जटिल समुद्री सुरक्षा अभियान चलाने की क्षमता का प्रमाण है। यह हिंद महासागर क्षेत्र में प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता और पसंदीदा सुरक्षा साझेदार बने रहने की भारत की अटूट प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
भारतीय नौसेना नाविकों की सुरक्षा करने, महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों की रक्षा करने और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित, संरक्षित एवं स्थिर समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।