अखिल भारतीय तटीय रक्षा अभ्यास ‘सी विजिल-26’ का पाँचवाँ संस्करण 11 से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका समन्वय प्रमुख एजेंसी के रूप में भारतीय नौसेना द्वारा किया जा रहा है। यह अभ्यास दो चरणों में आयोजित होगा: 11 से 17 नवंबर 2026 तक तटीय रक्षा एवं सुरक्षा तत्परता मूल्यांकन (CDSRE) चरण, तथा इसके पश्चात 18 और 19 नवंबर 2026 को समुद्री चरण।
अभ्यास सी विजिल की परिकल्पना वर्ष 2018 में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए किए गए उपायों के सत्यापन हेतु की गई थी। सी विजिल-26 भारत की संपूर्ण तटरेखा और विशेष आर्थिक क्षेत्र में आयोजित होगा, जिसमें सभी तटीय राज्य और केंद्र शासित प्रदेश, मत्स्यन और तटीय समुदायों सहित अन्य समुद्री हितधारक भाग लेंगे।
भौगोलिक विस्तार, भाग लेने वाली एजेंसियों और इकाइयों की संख्या तथा उद्देश्यों की व्यापकता की दृष्टि से यह अभ्यास अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल, तटीय सुरक्षा पुलिस, सीमा शुल्क तथा अन्य समुद्री एजेंसियों के संसाधन भाग लेंगे। इस अभ्यास के संचालन में रक्षा मंत्रालय; गृह मंत्रालय; पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय; पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय; तथा मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के साथ-साथ केंद्र तथा तटीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अन्य एजेंसियाँ भी सहयोग कर रही हैं।
सी विजिल, भारतीय नौसेना के द्विवार्षिक थिएटर स्तरीय परिचालन तत्परता अभ्यास (TROPEX) की तैयारी का भी हिस्सा है। सी विजिल और ट्रोपेक्स मिलकर तटीय रक्षा से लेकर गहरे समुद्र में अभियानों तक समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के संपूर्ण दायरे को संबोधित करते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर सी विजिल का आयोजन शीर्ष स्तर पर समुद्री सुरक्षा और तटीय रक्षा के प्रति राष्ट्र की तैयारियों का आकलन करने का अवसर प्रदान करता है। सी विजिल-26 भारत की समुद्री और राष्ट्रीय सुरक्षा का यथार्थ आकलन प्रदान करेगा तथा उसे और अधिक सुदृढ़ करेगा।