भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने अपने द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास नसीम अल बहर (सी ब्रीज़) के 15वें संस्करण का आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता बढ़ाना, पेशेवर सहयोग को सुदृढ़ करना और आपसी समझ को प्रोत्साहित करना था।
हार्बर चरण के दौरान दोनों नौसेनाओं के विशेषज्ञ दलों के बीच विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (SMEE) आयोजित किए गए। इन आदान-प्रदानों में विस्फोटक आयुध निपटान (EOD), माइन प्रतिरोधी अभियान तथा हाइड्रोग्राफी सहित पारस्परिक हित के प्रमुख क्षेत्र शामिल थे। इन संवादों से विशिष्ट समुद्री क्षेत्रों में पेशेवर ज्ञान और परिचालन अनुभव के आदान-प्रदान में सहायता मिली।
समुद्री चरण में भारतीय नौसेना पोत सूरत और रॉयल नेवी ऑफ ओमान के पोत Al-Mu’azzar के बीच संयुक्त परिचालन गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें संयुक्त विज़िट, बोर्ड, सर्च एंड सीज़र (VBSS) ड्रिल तथा क्रॉस-डेक अभियान शामिल थे, जिनसे दोनों नौसेनाओं के कार्मिकों को समन्वित प्रक्रियाओं का अभ्यास करने और परिचालन अंतर-संचालनीयता बढ़ाने का अवसर मिला।
अभ्यास नसीम अल बहर (सी ब्रीज़) भारत और ओमान के बीच घनिष्ठ समुद्री साझेदारी तथा समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने के प्रति दोनों नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह अभ्यास भारत सरकार के महासागर (MAHASAGAR – Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्रीय समुद्री साझेदारों के साथ भारतीय नौसेना की सहभागिता को भी सुदृढ़ करता है।