पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल संजय वात्सायन ने महानिदेशक सीबर्ड वाइस एडमिरल विवेक दहिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में 15 अक्टूबर 2026 को नौसेना बेस, कारवार में प्रोजेक्ट सीबर्ड चरण IIA के तहत भारतीय नौसेना के रक्षा असैन्य कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाओं और स्टेशन स्वास्थ्य संगठन के साथ-साथ ट्रंक यूटिलिटी और पहुंच अवसंरचना का उद्घाटन किया।
उद्घाटन की गई आवासीय और अस्पताल सुविधाओं में नौसेना रक्षा असैन्य कर्मियों के लिए 300 आवासीय इकाइयों वाले पांच टावर और स्टेशन स्वास्थ्य संगठन परिसर शामिल हैं, जो मौजूदा अस्पताल आई.एन.एच.एस. पतंजलि की क्षमता को बढ़ाकर 409 बिस्तर करने के कार्य का हिस्सा है। इन सुविधाओं को दो लाख लीटर के हिल टॉप जल भंडार और एक सीवेज शोधन संयंत्र (एस.टी.पी.) द्वारा सहायता प्रदान की जाती है।
कारवार नौसेना बेस का बढ़ता संख्या बल इसके स्वच्छ पर्यावरण अनुपालन और सुगम पहुंच सुविधा में उत्तरोत्तर वृद्धि की मांग करता है। इसी दिशा में एक आधुनिक एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा और प्रवेश द्वार के साथ-साथ समर्पित पैदल एवं साइकिल पथों सहित चार-लेन वाहन यातायात को सुगम बनाने वाली पुल अवसंरचना का भी उद्घाटन किया गया।
ये अवसंरचना विकास कार्य प्रोजेक्ट सीबर्ड के जारी चरण IIA का हिस्सा हैं, जिसके दायरे में दोहरे उपयोग वाले नौसेना वायु स्टेशन, एक पूर्ण विकसित नौसेना डॉकयार्ड तथा पोतों और विमानों के लिए लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का निर्माण शामिल है। परिवारों सहित लगभग 10,000 वर्दीधारी और असैन्य कर्मियों को आवास प्रदान करने वाला यह नौसेना बेस स्थानीय अर्थव्यवस्था, उद्योग और पर्यटन को उल्लेखनीय बढ़ावा देगा तथा उत्तर कन्नड़ क्षेत्र के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अनेक अवसर सृजित करेगा।
यह परियोजना पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एम.ओ.ई.एफ. एंड सी.सी.) और भारतीय हरित भवन परिषद (आई.जी.बी.सी.) के मौजूदा मानदंडों के अनुरूप है तथा पूर्ण होने पर इसे आई.जी.बी.सी. गोल्ड रेटिंग प्राप्त होगी। यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के अनुरूप है, जिसके तहत 90% से अधिक सामग्री और उपकरण घरेलू स्तर पर प्राप्त किए जा रहे हैं।