गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE), कोलकाता द्वारा स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित पनडुब्बी-रोधी युद्धक उथले जल पोतों (ASW SWC) में से एक ‘अशांक’ 23 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम में भारतीय नौसेना को सौंपा गया।
जीआरएसई द्वारा निर्मित ASW SWC पोतों का डिज़ाइन और निर्माण भारतीय नौवहन रजिस्टर (IRS) के वर्गीकरण नियमों के अनुसार किया गया है।
अत्याधुनिक हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लॉन्चर और उन्नत सोनार प्रणालियों से सुसज्जित यार्ड 3036 ‘अशांक’ एक सशक्त प्लेटफ़ॉर्म है, जिसे विशेष रूप से तटीय जल में नौसेना की जलमग्न निगरानी और पनडुब्बी-रोधी युद्ध क्षमताओं को सुदृढ़ करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। ये पोत वॉटरजेट द्वारा संचालित भारतीय नौसेना के सबसे बड़े युद्धपोतों में से हैं। यह पोत नौसेना की पनडुब्बी-रोधी, तटीय निगरानी तथा बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमताओं को और सुदृढ़ करेगा।
‘अशांक’ की सुपुर्दगी सरकार के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप स्वदेशी पोत निर्माण की दिशा में भारतीय नौसेना के प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ, यह पोत घरेलू रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र की बढ़ती क्षमता तथा आयात पर निर्भरता में कमी का प्रमाण है।