Skip to main content

Home Quick Menu

अंडमान एवं निकोबार कमान में प्रथम बिम्सटेक समुद्री सुरक्षा अभ्यास का समापन

अंडमान एवं निकोबार कमान में प्रथम बिम्सटेक समुद्री सुरक्षा अभ्यास का समापन
अंडमान एवं निकोबार कमान में प्रथम बिम्सटेक समुद्री सुरक्षा अभ्यास का समापन
अंडमान एवं निकोबार कमान में प्रथम बिम्सटेक समुद्री सुरक्षा अभ्यास का समापन
अंडमान एवं निकोबार कमान में प्रथम बिम्सटेक समुद्री सुरक्षा अभ्यास का समापन

प्रथम बिम्सटेक समुद्री सुरक्षा अभ्यास का 03 नवंबर 2026 को श्री विजयपुरम में सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह अभ्यास 30 अक्टूबर से 03 नवंबर 2026 तक भारतीय अंडमान एवं निकोबार कमान (ANC) के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं समन्वित समुद्री अभियानों की श्रृंखला के पश्चात सम्पन्न हुआ। अंडमान एवं निकोबार कमान भारत की एकमात्र परिचालन त्रि-सेवा कमान है, जिसका नेतृत्व वाइस एडमिरल विनीत मैकार्टी, कमांडर-इन-चीफ, अंडमान एवं निकोबार कमान कर रहे हैं।

इस अभ्यास में बिम्सटेक सदस्य देशों के नौसैनिक जहाजों ने भाग लिया। इनमें भारतीय नौसेना के जहाज भा. नौ. पो. तरागिरी, भा. नौ. पो. करमुक और भा. नौ. पो. सरयू; म्यांमार नौसेना का जहाज UMS King Aung Zeya तथा श्रीलंका नौसेना का जहाज SLNS Gajabahu शामिल थे। यह आयोजन क्षेत्रीय समुद्री सहयोग और सामूहिक सुरक्षा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अभ्यास में कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों एवं विशिष्ट प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें महामहिम इंद्र मणि पांडे, महासचिव, बिम्सटेक; वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता (सेवानिवृत्त), राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक; रियर एडमिरल क्याव क्याव हू, कमांडर, सेंट्रल नेवल कमांड, म्यांमार नौसेना; एयर वाइस मार्शल एम.डी.आर. प्रसाद (सेवानिवृत्त), निदेशक (निगरानी एवं मूल्यांकन), बंदरगाह एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय, श्रीलंका तथा कैप्टन मोहम्मद मंज़ुरुल इस्लाम, कमांडिंग ऑफिसर, BNS Prottoy, बांग्लादेश शामिल थे। उनकी भागीदारी ने क्षेत्रीय समुद्री सहयोग और सामूहिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के महत्व को रेखांकित किया।

दिल्ली घोषणा की भावना के अनुरूप तथा नवंबर 2025 में आयोजित समुद्री सुरक्षा सहयोग पर चौथी बिम्सटेक विशेषज्ञ समूह बैठक के निष्कर्षों को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस अभ्यास ने भाग लेने वाली नौसेनाओं को संयुक्त समुद्री गतिविधियों के माध्यम से अंतर-संचालनीयता बढ़ाने, पेशेवर संवाद को सुदृढ़ करने और आपसी समझ विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

श्री विजयपुरम में आयोजित हार्बर चरण के दौरान उच्चस्तरीय बैठकें, पेशेवर संवाद तथा सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों ने भाग लेने वाले प्रतिनिधिमंडलों को संस्थागत संबंधों को और गहरा करने तथा मित्रता के संबंधों को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान किया। इसके पश्चात 02 से 03 नवंबर 2026 तक श्री विजयपुरम के निकट समुद्री क्षेत्र में आयोजित सी फेज में समन्वित समुद्री तैनाती और संयुक्त परिचालन गतिविधियां शामिल थीं। इन गतिविधियों ने सुरक्षित एवं स्थिर समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति बिम्सटेक सदस्य देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

परिचालन सहयोग से आगे बढ़कर इस अभ्यास ने भाग लेने वाले कार्मिकों के बीच स्थायी सौहार्द को बढ़ावा दिया तथा समृद्ध, सुदृढ़ और खुले बंगाल की खाड़ी के साझा दृष्टिकोण को और मजबूत किया। इसने निरंतर सहयोग के माध्यम से साझा समुद्री चुनौतियों का समाधान करने और साझा समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए बिम्सटेक देशों के सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित किया।

इस प्रथम अभ्यास का सफल समापन बिम्सटेक सदस्य देशों के बीच अधिक व्यापक समुद्री सहभागिता को संस्थागत रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अंडमान एवं निकोबार कमान के लिए इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करना क्षेत्रीय समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने तथा बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता में योगदान देने की इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को पुनः पुष्ट करता है। यह अभ्यास बिम्सटेक ढांचे के अंतर्गत भविष्य की संयुक्त पहलों के लिए एक मजबूत आधार भी तैयार करता है।