भारतीय नौसेना द्वारा विशाखापत्तनम में आयोजित सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026) का 33वाँ संस्करण 26 अक्टूबर 2026 को संपन्न हुआ। इस अभ्यास ने भारतीय नौसेना और सिंगापुर गणराज्य नौसेना (आर.एस.एन.) के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग और परिचालन सहभागिता को और मजबूत किया।
द्विपक्षीय सहभागिता के तहत आर.एस.एन. के फ्लीट कमांडर कर्नल बर्ट्रम आंग ने पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल विशाल बिश्नोई से भेंट की और दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने पर पेशेवर विचारों का आदान-प्रदान किया। इस बैठक ने पारस्परिक हित के विषयों पर चर्चा का अवसर प्रदान किया।
एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026 का आयोजन दो चरणों में किया गया। बंदरगाह चरण में विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (एस.एम.ई.ई.), क्रॉस-डेक दौरे, पेशेवर संवाद, खेल गतिविधियाँ और योजना सम्मेलन शामिल थे, जिनसे परिचालन ज्ञान के आदान-प्रदान को सुगमता मिली और आपसी समझ बढ़ी। बंगाल की खाड़ी में समुद्री चरण में समुद्री अवरोधन अभियान, पनडुब्बी रोधी युद्ध (ए.एस.डब्ल्यू.), वायु रोधी युद्ध और सतह रोधी युद्ध ड्रिल, नौवहन कौशल अभ्यास और क्रॉस-डेक उड़ान संचालन शामिल थे, जिनसे भाग लेने वाले बलों के बीच समन्वय और अंतर-संचालनीयता में वृद्धि हुई।
अभ्यास में आर.एस.एन. पोत आर.एस.एस. सुप्रीम, जो एस.एच.-70बी हेलीकॉप्टर से युक्त फॉर्मिडेबल श्रेणी का स्टेल्थ फ्रिगेट है, ने भाग लिया। भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व स्वदेशी रूप से निर्मित स्टेल्थ फ्रिगेट भा.नौ.पो. नीलगिरि, ए.एस.डब्ल्यू. कार्वेट भा.नौ.पो. कमोर्ता तथा पी-8आई और डोर्नियर समुद्री गश्ती विमान, हॉक एडवांस्ड जेट ट्रेनर और एम.एच.-60आर हेलीकॉप्टर सहित विमानन संसाधनों ने किया।
एस.आई.एम.बी.ई.एक्स. भारत और सिंगापुर के बीच द्विपक्षीय समुद्री सहयोग, परिचालन अंतर-संचालनीयता और पेशेवर सहभागिता को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच रहा है। इस अभ्यास ने समुद्री सुरक्षा बढ़ाने और हिंद महासागर क्षेत्र (आई.ओ.आर.) में स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।