भारत–म्यांमार नौसैनिक अभ्यास (आईएमएनईएक्स-26) का 8वाँ संस्करण हार्बर और समुद्री चरणों के सफल समापन के पश्चात 14 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम में संपन्न हुआ।
बंगाल की खाड़ी में आयोजित समुद्री चरण इस अभ्यास का परिचालन समापन रहा, जिसमें भारतीय नौसेना के पोत भा.नौ.पो. राणा और भा.नौ.पो. सुमेधा ने म्यांमार नौसेना के पोत UMS King Sin Phyu Shin के साथ संयुक्त रूप से भाग लिया।
हार्बर चरण में विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (SMEEs), एक-दूसरे के पोतों का दौरा, पेशेवर संवाद तथा खेलकूद गतिविधियाँ शामिल थीं, जिनसे दोनों नौसेनाओं के कार्मिकों के बीच परिचालन ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान में सहायता मिली।
समुद्री चरण में समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास और परिचालन ड्रिल आयोजित किए गए, जिनसे प्रक्रियाओं को परिष्कृत करने, सामरिक समन्वय बढ़ाने तथा भाग लेने वाली इकाइयों के बीच अंतर-संचालनीयता को सुदृढ़ करने का अवसर मिला।
आईएमएनईएक्स-26 ने भाग लेने वाले पोतों और कार्मिकों को परिचालन समझ को सुदृढ़ करने तथा एक-दूसरे की क्षमताओं और प्रक्रियाओं से भली-भाँति परिचित होने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। यह अभ्यास द्विपक्षीय नौसैनिक सहभागिता को और आगे बढ़ाता है तथा भारत के महासागर (MAHASAGAR – Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) के दृष्टिकोण और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के अनुरूप है।